ISRO URSC Recruitment 2026: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के यू आर राव सैटेलाइट सेंटर (URSC), बेंगलुरु ने जूनियर रिसर्च फेलो (JRF) भर्ती 2026 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए एक शानदार अवसर है जो अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं. भर्ती अधिसूचना 12 जून 2026 को जारी की गई थी और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है. जो कोई भी इसके लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे इसरो की आधिकारिक वेबसाइट isro.gov.in के माध्यम से अप्लाई कर सकते हैं.
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 16 जूनियर रिसर्च फेलो पदों को भरा जाएगा. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 11 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को इसरो के प्रमुख सैटेलाइट अनुसंधान केंद्र में अत्याधुनिक तकनीकों और शोध परियोजनाओं पर काम करने का अवसर मिलेगा.
किन क्षेत्रों में मिलेगा रिसर्च का मौका?
यूआरएससी अंतरिक्ष यान की डिजाइन, विकास, परीक्षण, लॉन्च और संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का प्रमुख केंद्र है. चयनित फेलो को वीएलएसआई, ऑप्टिकल इंजीनियरिंग, थर्मल सिस्टम, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, सैटेलाइट टेक्नोलॉजी और अन्य उन्नत अनुसंधान क्षेत्रों में काम करने का अवसर मिलेगा.
शैक्षणिक योग्यता क्या है?
अधिकांश जेआरएफ पदों के लिए उम्मीदवारों के पास संबंधित विषय में एमई, एमटेक, एमएससी (इंजीनियरिंग) या समकक्ष स्नातकोत्तर डिग्री प्रथम श्रेणी के साथ होनी चाहिए. न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक या 10-बिंदु स्केल पर 6.5 सीजीपीए आवश्यक है. कुछ विशेष पदों के लिए गणित या भौतिकी में एमएससी के साथ न्यूनतम 65 प्रतिशत अंक या निर्धारित सीजीपीए की आवश्यकता रखी गई है.
इसके अलावा उम्मीदवारों का GATE, CSIR-UGC NET, JAM, JEST या अन्य मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफल होना अनिवार्य है. अंतिम परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे छात्र आवेदन के योग्य नहीं होंगे.
आयु सीमा और छूट
आवेदन की अंतिम तिथि 11 जुलाई 2026 के अनुसार उम्मीदवार की अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्गों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी. एससी और एसटी वर्ग को 5 वर्ष तथा ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी.
चयन प्रक्रिया कैसे होगी?
भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी.
1. प्रारंभिक स्क्रीनिंग: सभी आवेदनों की शैक्षणिक योग्यता और अन्य मानदंडों के आधार पर जांच की जाएगी. केवल योग्य उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा.
2. साक्षात्कार: शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का इंटरव्यू बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा. इंटरव्यू कॉल लेटर केवल ईमेल के माध्यम से भेजे जाएंगे.
फेलोशिप और अन्य लाभ
चयनित उम्मीदवारों को जूनियर रिसर्च फेलो के रूप में 37,000 रुपये प्रतिमाह फेलोशिप प्रदान की जाएगी. बाद में सीनियर रिसर्च फेलो (SRF) बनने पर यह राशि 42,000 रुपये प्रतिमाह तक बढ़ सकती है.
यदि संस्थान द्वारा आवास उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो योग्य उम्मीदवारों को नियमानुसार एचआरए भी मिलेगा. इसके अलावा चिकित्सा सुविधाएं और महिला शोधार्थियों के लिए मातृत्व अवकाश जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी.
आवेदन से पहले ध्यान रखें
इसरो ने उम्मीदवारों को फर्जी नौकरी प्रस्तावों से सावधान रहने की सलाह दी है. आवेदन केवल आधिकारिक प्रक्रिया के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे.