ISRO Scientist Recruitment 2026: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने साइंटिस्ट/इंजीनियर ‘SC’ के पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. यह भर्ती ISRO Centralised Recruitment Board (ICRB) के माध्यम से की जा रही है. इंजीनियरिंग की संबंधित डिग्री और वैध GATE स्कोर रखने वाले उम्मीदवार 17 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवार जो कोई भी यहां अप्लाई करने का मन बना रहे हैं, तो आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
इस भर्ती अभियान के तहत अलग-अलग इंजीनियरिंग डिसिप्लिन में कुल 93 पद भरे जाएंगे. इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, कंप्यूटर साइंस, सिविल, इलेक्ट्रिकल, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग और आर्किटेक्चर शामिल हैं.
इलेक्ट्रॉनिक्स- 35 पद
मैकेनिकल-26 पद
कंप्यूटर साइंस- 13 पद
सिविल- 10 पद
इलेक्ट्रिकल- 4 पद
रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग- 2 पद
आर्किटेक्चर- 2 पद
सिविल (PRL – Autonomous Body)- 1 पद
कुल पदों की संख्या- 93
ये नियुक्तियां बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, तिरुवनंतपुरम, श्रीहरिकोटा, महेंद्रगिरि, हासन और वालियामाला समेत विभिन्न ISRO केंद्रों के लिए की जाएंगी.
GATE स्कोर के आधार पर इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्टिंग
उम्मीदवार के पास संबंधित इंजीनियरिंग क्षेत्र में निर्धारित योग्यता के साथ GATE 2025 या GATE 2026 का वैध स्कोर होना जरूरी है. खास बात यह है कि ISRO उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए 1:7 के अनुपात में शॉर्टलिस्ट करेगा. शॉर्टलिस्टिंग GATE स्कोर के आधार पर होगी, न कि GATE मार्क्स या ऑल इंडिया रैंक के आधार पर. आवेदन में दर्ज GATE स्कोर का सत्यापन किया जाएगा. गलत या भ्रामक जानकारी मिलने पर उम्मीदवार के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.
इंटरव्यू और फाइनल मेरिट में GATE की अहम भूमिका
इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों की तकनीकी समझ, विषय का ज्ञान, प्रस्तुतीकरण क्षमता, संवाद कौशल और शैक्षणिक उपलब्धियों का आकलन किया जाएगा. इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल और कंप्यूटर साइंस सहित संबंधित पदों के लिए अंतिम चयन में GATE स्कोर और इंटरव्यू को 50:50 का वेटेज दिया जाएगा. अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को कुल मिलाकर न्यूनतम निर्धारित अंक हासिल करना आवश्यक होगा, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए नियमों के अनुसार छूट का प्रावधान लागू हो सकता है.
ISRO Scientist Recruitment 2026: ऐसे करें आवेदन
योग्य उम्मीदवार ISRO की आधिकारिक वेबसाइट के ऑनलाइन रिक्रूटमेंट पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन पूरा करने के बाद मिलने वाले रजिस्ट्रेशन नंबर को सुरक्षित रखना जरूरी है. ISRO ने उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान सक्रिय और वैध ईमेल आईडी दर्ज करने की सलाह दी है.
इंटरव्यू के लिए चुने गए उम्मीदवारों को भर्ती नियमों के अनुसार इंटरव्यू स्थल तक सबसे छोटे मार्ग से यात्रा करने पर सेकंड-क्लास स्लीपर ट्रेन किराये की प्रतिपूर्ति भी दी जाएगी.