ISRO Recruitment 2026: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रतिष्ठित विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (VSSC) ने युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप का शानदार अवसर पेश किया है. संस्थान ने ग्रेजुएट अप्रेंटिस और टेक्नीशियन अप्रेंटिस के कुल 462 पदों पर भर्ती के लिए वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित करने की घोषणा की है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि पर चयन प्रक्रिया में शामिल होना होगा. यह उन उम्मीदवारों के लिए सुनहरा मौका है जो ISRO जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के साथ अपने करियर की शुरुआत करना चाहते हैं.
VSSC की ओर से जारी सूचना के अनुसार, चयन प्रक्रिया 25 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी. वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज़ सत्यापन का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक रहेगा. उम्मीदवारों के आवेदन केवल इसी दिन स्वीकार किए जाएंगे, इसलिए समय पर निर्धारित स्थल पर पहुंचना आवश्यक है.
कुल 462 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 462 अप्रेंटिस पद भरे जाएंगे. इनमें निम्नलिखित शामिल है.
ग्रेजुएट अप्रेंटिस: 273 पद
टेक्नीशियन अप्रेंटिस: 189 पद
भर्ती विभिन्न इंजीनियरिंग और गैर-इंजीनियरिंग विषयों के योग्य उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जा रही है.
इंटरव्यू के लिए क्या-क्या दस्तावेज़ लेकर जाएं?
उम्मीदवारों को कार्तिका थिरुनल गवर्नमेंट V&GHSS फॉर गर्ल्स, मनाकौड (VSSC Pavilion) में सभी आवश्यक मूल दस्तावेज़ और उनकी स्वयं प्रमाणित (Self-Attested) प्रतियां साथ ले जानी होंगी.
आवश्यक दस्तावेज़ों में शामिल हैं:
B.E./B.Tech, होटल मैनेजमेंट, नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएशन या डिप्लोमा का प्रोविजनल या फाइनल सर्टिफिकेट.
संबंधित कोर्स की कंसोलिडेटेड मार्कशीट.
जन्म तिथि के प्रमाण के लिए 10वीं (SSLC/SSC/AISSE/ICSE) का प्रमाणपत्र.
यदि उपलब्ध हो तो अनुभव प्रमाणपत्र.
एक हालिया पासपोर्ट साइज फोटो.
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए जरूरी प्रमाणपत्र
आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को अपने वर्ग से संबंधित वैध प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करने होंगे.
SC/ST: तहसीलदार द्वारा जारी जाति प्रमाणपत्र.
OBC: भारत सरकार के निर्धारित प्रारूप में जारी वैध नॉन-क्रीमी लेयर प्रमाणपत्र.
EWS: वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जारी आय एवं संपत्ति प्रमाणपत्र.
PwBD: सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाणपत्र.
इन दस्तावेज़ों के बिना आरक्षण का लाभ नहीं दिया जाएगा.
चयन प्रक्रिया कैसे होगी?
VSSC ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों का चयन उनकी संबंधित शैक्षणिक परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट के अनुसार किया जाएगा. चयन के दौरान भारत सरकार के आरक्षण नियमों का पालन किया जाएगा और योग्य आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार वेटेज दिया जाएगा.
क्यों है यह मौका खास?
ISRO के साथ अप्रेंटिसशिप करना तकनीकी और पेशेवर अनुभव हासिल करने का एक बेहतरीन अवसर माना जाता है. इससे उम्मीदवारों को अंतरिक्ष अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीकों के साथ काम करने का अनुभव मिलेगा, जो भविष्य में उनके करियर को नई दिशा दे सकता है.
जो उम्मीदवार इस भर्ती में भाग लेना चाहते हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित तिथि से पहले सभी दस्तावेज़ तैयार रखें और समय पर चयन स्थल पर पहुंचें. भर्ती से जुड़ी किसी भी नई जानकारी या अपडेट के लिए उम्मीदवार ISRO VSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नज़र बनाए रखें.
ये भी पढ़ें…
RRB JE Vacancy: रेलवे में जेई बनने का शानदार अवसर, इस दिन से आवेदन शुरू, बढ़िया होगी मंथली सैलरी