Home > जॉब > Income Tax Officer Story: टूटे सपने नहीं, बना मजबूत हौसला, 34 बार हुए फेल, 35वें प्रयास में बने इनकम टैक्स अफसर

Income Tax Officer Story: टूटे सपने नहीं, बना मजबूत हौसला, 34 बार हुए फेल, 35वें प्रयास में बने इनकम टैक्स अफसर

Income Tax Officer Story: 34 असफलताओं के बाद SSC CGL को 35वें प्रयास में एक लड़के ने क्रैक किया और इनकम टैक्स इंस्पेक्टर बने. उनकी कहानी संघर्ष और सफलता की सच्ची मिसाल है.

By: Munna Verma | Published: June 15, 2026 1:24:12 PM IST



Income Tax Officer Story: कई बार जिंदगी में अंधेरा इतना गहरा हो जाता है कि आगे का रास्ता दिखाई नहीं देता, लेकिन सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास उस अंधेरे को रोशनी में बदल सकता है. ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी है संदीप बुडानिया की, जिन्होंने लगातार असफलताओं के बावजूद हार नहीं मानी और अंततः SSC CGL परीक्षा पास कर इनकम टैक्स इंस्पेक्टर बने.

संदीप का सपना बचपन से भारतीय सेना में अफसर बनने का था. उनके पिता भी सेना में थे, जिससे उनके अंदर देशसेवा का जज़्बा और मजबूत हुआ. वर्ष 2010 में उन्होंने इस दिशा में तैयारी शुरू की और 12वीं के दौरान ही NDA परीक्षा दी. वे लिखित परीक्षा पास कर गए, लेकिन SSB इंटरव्यू में चयन नहीं हो सका.

लगातार असफलताएं, लेकिन कोशिश जारी रही

इसके बाद संदीप ने हार नहीं मानी और बार-बार प्रयास करते रहे. उन्होंने करीब 19 बार SSB इंटरव्यू दिया और कुल मिलाकर लगभग 34 परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं में हिस्सा लिया. कई बार वे फिजिकल टेस्ट में असफल हुए तो कई बार इंटरव्यू में चयन नहीं हो पाया. इन लगातार असफलताओं ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ा भी, लेकिन उन्होंने हर अनुभव से कुछ सीखने की कोशिश की.

कठिन दौर और मानसिक संघर्ष

लगातार असफलताओं के कारण संदीप के जीवन में ऐसा समय भी आया जब निराशा ने उन्हें घेर लिया. एक बार SSB इंटरव्यू में असफल होने के बाद उनके मन में बेहद नकारात्मक विचार आने लगे, लेकिन परिवार के समर्थन ने उन्हें संभाला. उनके पिता हमेशा उन्हें प्रेरित करते रहे कि असफलता अंत नहीं है, बल्कि सफलता की तैयारी है। यही शब्द उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बने.

35वें प्रयास में मिली सफलता

लगातार मेहनत और सही मार्गदर्शन के बाद संदीप ने SSC CGL परीक्षा देने का फैसला किया. इस बार उन्होंने पूरे फोकस और रणनीति के साथ तैयारी की और पहले प्रीलिम्स और फिर मेंस परीक्षा सफलतापूर्वक पास की. उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें 374वीं रैंक प्राप्त हुई. यह पल उनके और उनके परिवार के लिए भावनात्मक और गर्व से भरा हुआ था.

इनकम टैक्स इंस्पेक्टर बनने का सफर

SSC CGL में सफलता के बाद संदीप की नियुक्ति आयकर विभाग, दिल्ली में इनकम टैक्स इंस्पेक्टर के रूप में हुई. यह उनके लंबे संघर्ष का परिणाम था, जिसने साबित किया कि निरंतर प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता. संदीप बुडानिया की कहानी हर उस छात्र के लिए प्रेरणा है जो असफलताओं से घबरा जाता है. उनका सफर बताता है कि अगर मेहनत और विश्वास बना रहे, तो 34 असफलताओं के बाद भी 35वीं कोशिश सफलता ला सकती है.

ये भी पढ़ें…

Indian Army Story: कॉलेज की पढ़ाई छोड़ी, देश सेवा चुनी, 19 साल की लड़की बनीं आर्मी ऑफिसर
CBSE Class 10th Second Exam: सीबीएसई 10वीं में एक साल में दो मौके, लेकिन दूसरी बार भी फेल हुए तो क्या होगा?

Advertisement