DSSSB Recruitment 2026: सरकारी नौकरी (Sarkari Naukri) का सपना देख रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है. दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) सहित विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1979 रिक्त पदों को भरा जाएगा. इच्छुक और पात्र उम्मीदवार निर्धारित तिथियों के भीतर ऑनलाइन आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
DSSSB की ओर से जारी जानकारी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 जून 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है. उम्मीदवार DSSSB की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे.
युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर
दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए यह भर्ती अभियान शुरू किया गया है. विशेष रूप से शिक्षण क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है. बड़ी संख्या में पदों के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों में उत्साह देखा जा रहा है.
आवेदन से पहले रखें इन बातों का ध्यान
आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की तिथि- 16 जून
आवेदन करने की अंतिम तिथि- 15 जुलाई
केवल ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे.
क्या है योग्यता?
भर्ती से संबंधित शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और पदवार पात्रता मानदंड विस्तृत अधिसूचना में उपलब्ध कराए गए हैं. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ लें ताकि किसी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके.
आवेदन शुल्क में विशेष छूट
सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है. वहीं महिला उम्मीदवारों, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), दिव्यांगजन (PwBD) तथा पूर्व सैनिकों को आवेदन शुल्क से पूरी तरह छूट प्रदान की गई है. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि शुल्क का भुगतान केवल SBI e-Pay के माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा. किसी अन्य माध्यम से किया गया भुगतान मान्य नहीं होगा.
कंप्यूटर आधारित परीक्षा से होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के माध्यम से किया जाएगा. परीक्षा में प्राप्त अंकों का आवश्यकतानुसार सामान्यीकरण (Normalization) किया जाएगा. इसके बाद अंतिम मेरिट सूची तैयार कर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी.