Home > उत्तर प्रदेश > AFCAT Success Story: आर्मी स्कूल से पढ़ाई, BTech के बाद AFCAT में AIR-4, अब भारतीय वायुसेना में बनेंगी फ्लाइंग ऑफिसर

AFCAT Success Story: आर्मी स्कूल से पढ़ाई, BTech के बाद AFCAT में AIR-4, अब भारतीय वायुसेना में बनेंगी फ्लाइंग ऑफिसर

AFCAT Success Story: रामनगर की आकांक्षा जोशी ने AFCAT 2026 में ऑल इंडिया रैंक-4 हासिल कर भारतीय वायुसेना की एयरोनॉटिकल इंजीनियर (मैकेनिकल) ब्रांच में जगह बनाई. उनकी मेहनत और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं.

By: Munna Verma | Published: July 10, 2026 11:13:50 AM IST



AFCAT Success Story: उत्तराखंड के रामनगर की बेटी आकांक्षा जोशी (Akanksha Joshi) ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर एक ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिस पर पूरा प्रदेश गर्व कर रहा है. उन्होंने भारतीय वायुसेना की प्रतिष्ठित AFCAT 2026 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR)-4 प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है. इस उपलब्धि के साथ उनका चयन एयरोनॉटिकल इंजीनियर (मैकेनिकल) ब्रांच में हुआ है. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर कमीशन दिया जाएगा.

चयन के बाद आकांक्षा ने हैदराबाद स्थित एयर फोर्स अकादमी में अपना प्रशिक्षण शुरू कर दिया है. यह प्रशिक्षण भारतीय वायुसेना के अधिकारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण चरण माना जाता है. सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वह देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में अपनी सेवाएं देंगी.

शिक्षा और परिवार का मजबूत सहयोग

रामनगर के शांति कुंज निवासी आकांक्षा जोशी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल, हेमपुर से प्राप्त की. इसके बाद उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय से बी.टेक की पढ़ाई पूरी की. उनके पिता संतोष कुमार जोशी बीमा क्षेत्र से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता एक शिक्षिका हैं. परिवार का कहना है कि आकांक्षा की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की इच्छा सबसे बड़ा कारण रही.

विद्यालय ने जताया गर्व

आर्मी पब्लिक स्कूल, हेमपुर की प्रधानाचार्य डॉ. मालिनी शर्मा ने आकांक्षा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने विश्वास जताया कि आकांक्षा भारतीय वायुसेना में उत्कृष्ट सेवाएं देकर देश और राज्य का नाम और ऊंचा करेंगी.

विद्यालय के चेयरमैन एवं स्थानीय आर्मी स्टेशन के कमांडेंट ब्रिगेडियर सुखबीर सिंह ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम का उत्कृष्ट उदाहरण है. उनके अनुसार, ऐसे युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस देती हैं.

युवाओं के लिए बनी प्रेरणा

आकांक्षा जोशी की सफलता यह साबित करती है कि सही दिशा में लगातार प्रयास, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष रैंक हासिल करना उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो भारतीय सशस्त्र बलों में करियर बनाने का सपना देखते हैं.

ये भी पढ़ें…

Jharkhand PECE Admit Card 2026 जारी, ऐसे तुरंत डाउनलोड करें हॉल टिकट
UPSC CAPF Admit Card 2026 Release Date: यूपीएससी सीएपीएफ एडमिट कार्ड जल्द, आसानी से ऐसे करें डाउनलोड

Advertisement