Home > जॉब > DU-JNU छोड़िए, इस यूनिवर्सिटी की छात्रा ने क्रैक किया AFCAT, अब NCC कैडेट से बनेंगी एयरफोर्स ऑफिसर

DU-JNU छोड़िए, इस यूनिवर्सिटी की छात्रा ने क्रैक किया AFCAT, अब NCC कैडेट से बनेंगी एयरफोर्स ऑफिसर

AFCAT Success Story: रोहतक की NCC कैडेट स्नेहा हुड्डा का भारतीय वायु सेना की फ्लाइंग ब्रांच में चयन हुआ है. AFCAT और AFSB की कठिन चयन प्रक्रिया पार कर उन्होंने युवाओं के लिए प्रेरणादायक मिसाल कायम की है.

By: Munna Verma | Published: June 21, 2026 7:47:38 PM IST



AFCAT Success Story: हरियाणा के रोहतक जिले की रहने वाली NCC कैडेट स्नेहा हुड्डा ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय वायु सेना की फ्लाइंग ब्रांच में स्थान बनाया है. नेशनल कैडेट कोर (NCC) की 2 हरियाणा (गर्ल्स) बटालियन से जुड़ी स्नेहा का चयन एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (AFCAT) के माध्यम से हुआ है. उनकी सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे हरियाणा और NCC के लिए गर्व का विषय बन गई है.

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU), रोहतक की छात्रा स्नेहा हुड्डा ने AFCAT परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. इसके बाद उन्होंने भारतीय वायु सेना की बहुस्तरीय और चुनौतीपूर्ण चयन प्रक्रिया को भी सफलतापूर्वक पूरा किया. देहरादून स्थित नंबर-1 एयर फोर्स सिलेक्शन बोर्ड (AFSB) द्वारा उनका चयन किया गया. यह चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा, मनोवैज्ञानिक परीक्षण, समूह कार्यों और व्यक्तिगत साक्षात्कार जैसे कई कठिन चरणों से होकर गुजरती है, जिसे सशस्त्र बलों की सबसे चुनौतीपूर्ण चयन प्रक्रियाओं में गिना जाता है.

एयर फोर्स एकेडमी में लेंगी प्रशिक्षण

स्नेहा हुड्डा, श्री हरवीर सिंह हुड्डा की पुत्री हैं। उनका प्री-कमीशन प्रशिक्षण 29 जून 2026 से हैदराबाद के डुंडीगल स्थित एयर फोर्स एकेडमी में शुरू होगा. वे कोर्स नंबर 220/26F/SSC(W) के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी. प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उन्हें भारतीय वायु सेना की फ्लाइंग ब्रांच में शॉर्ट सर्विस कमीशन प्रदान किया जाएगा, जिसके बाद वे एक सैन्य पायलट के रूप में देश की सेवा करेंगी.

वर्षों की मेहनत और समर्पण का मिला परिणाम

स्नेहा की यह उपलब्धि उनके वर्षों के परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और अटूट संकल्प का परिणाम है. बचपन से ही देश सेवा का सपना देखने वाली स्नेहा ने लगातार मेहनत और सकारात्मक सोच के दम पर अपने लक्ष्य को हासिल किया है. उनकी सफलता यह दर्शाती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर किए जाएं तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता.

युवा महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

2 हरियाणा (गर्ल्स) बटालियन NCC के अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने स्नेहा को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि स्नेहा की सफलता अन्य कैडेट्स और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी. यह उपलब्धि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में NCC की महत्वपूर्ण भूमिका को भी उजागर करती है.

रोहतक की NCC कैडेट से भारतीय वायु सेना की भावी पायलट बनने तक का स्नेहा हुड्डा का सफर इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण के साथ युवा किसी भी ऊंचाई तक पहुंच सकते हैं. 

ये भी पढ़ें…

UGC NET June 2026 Exam: यूजीसी नेट की परीक्षा कल से शुरू, एग्जाम सेंटर जानें से पहले पढ़ें ये जरूरी बातें
HPPSC Vacancy: अगर रखते हैं ये डिग्री, तो शिक्षा विभाग में आपके लिए बढ़िया मौका, बेहतरीन होगी मंथली सैलरी

Advertisement