केरल की मशहूर ज्वेलरी कंपनी कल्याण ज्वेलर्स (Kalyan Jewellers India Ltd) के शेयरों में गुरुवार, 9 जुलाई को सुबह के कारोबार में 16.73% की जबरदस्त तेजी देखने को मिली. दरअसल, कंपनी के जून तिमाही (Q1) के बिजनेस अपडेट के बाद ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म सिटी इस स्टॉक को लेकर बेहद पॉजिटिव नजर आ रही है, जिसका असर बाजार पर साफ दिख रहा है. दोपहर 12:20 बजे तक कल्याण ज्वेलर्स का शेयर पिछले बंद भाव (Rs 374.15) के मुकाबले 16.67% ऊपर Rs 436.60 पर ट्रेड कर रहा था.
तेजी की असली वजह क्या है?
गुरुवार को आई इस तेजी के पीछे सबसे बड़ा हाथ Citi की एक रिपोर्ट का है. सिटी ने इस शेयर को डबल-अपग्रेड करते हुए ‘Buy’ (खरीदने) की रेटिंग दे दी है। इतना ही नहीं, उन्होंने इसके लिए Rs 750 का टारगेट प्राइस तय किया है. इसका मतलब है कि गुरुवार को जिस भाव (करीब Rs 380) पर बाजार खुला था, वहां से इसमें करीब 97% की बढ़त की संभावना है.
यह भरोसा हवा-हवाई नहीं है, बल्कि इसके पीछे कंपनी का चालू वित्त वर्ष (FY27) की पहली तिमाही का शानदार प्रदर्शन है:
कल्याण ज्वेलर्स का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू (कुल कमाई) सालाना आधार पर करीब 38% बढ़ा है. भारतीय बाजार में मजबूत मांग के चलते मुख्य घरेलू मार्केट में ‘सेम-स्टोर सेल्स ग्रोथ’ (पुराने स्टोर से होने वाली बिक्री) करीब 28% रही है. हालांकि, यह रेवेन्यू ग्रोथ सिटी के 45% के अनुमान से थोड़ी कम रही, फिर भी ब्रोकरेज फर्म कंपनी के लॉन्ग-टर्म फ्यूचर को लेकर काफी आश्वस्त है.
सिटी (Citi) को क्यों दिख रहा है मजबूत भविष्य?
ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि कल्याण ज्वेलर्स की फ्रेंचाइजी-बेस्ड विस्तार नीति कमाल कर रही है. इससे कंपनी बिना ज्यादा पैसा फंसाए अपना नेटवर्क बढ़ा रही है, जिससे उनकी कमाई तो बढ़ेगी ही, साथ ही कैपिटल एफिशिएंसी भी बेहतर होगी. आने वाले समय में कंपनी का कर्ज कम होने और ‘रिटर्न ऑन कैपिटल एंप्लॉयड’ (RoCE) में सुधार की भी पूरी उम्मीद है.
विदेशी कारोबार में भी चमक बरकरार
तमाम भू-राजनीतिक तनावों के बावजूद कल्याण ज्वेलर्स के इंटरनेशनल बिजनेस ने दमदार प्रदर्शन किया है. विदेशी कारोबार में सालाना आधार पर करीब 35% की ग्रोथ दर्ज की गई है. मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) से होने वाली कमाई में करीब 30% का उछाल आया है, जो मुख्य रूप से सेम-स्टोर सेल्स से ही आया है, क्योंकि इस तिमाही (अप्रैल-जून) के दौरान कंपनी ने विदेश में कोई नया स्टोर नहीं खोला. कंपनी की कुल कमाई में इंटरनेशनल बिजनेस की हिस्सेदारी करीब 14% रही.
‘Candere’ ने तो कमाल ही कर दिया!
कल्याण ज्वेलर्स के डिजिटल-फर्स्ट ज्वेलरी प्लेटफॉर्म ‘Candere’ की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है. पहली तिमाही में इसने सालाना आधार पर 112% की धमाकेदार रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की है. इस तिमाही के दौरान कंपनी ने अपने नेटवर्क को और मजबूत करते हुए भारत में 12 नए कल्याण शोरूम और 5 नए कैंडेरे शोरूम खोले हैं.
आगे का रास्ता कैसा है?
कंपनी के मैनेजमेंट का कहना है कि उन्होंने दूसरी तिमाही (Q2) की शुरुआत काफी पॉजिटिव नोट पर की है. आगे आने वाले त्योहारों और शादियों के सीजन को देखते हुए ग्राहकों की मांग मजबूत रहने की उम्मीद है.
लेकिन थोड़ा संभलकर…
भले ही सिटी (Citi) इस शेयर को लेकर बहुत उत्साहित है, लेकिन उन्होंने निवेशकों को कुछ बातों पर नजर रखने की सलाह भी दी है. पिछले 13 तिमाहियों में पहली बार ऐसा हुआ है कि भारत में कल्याण ज्वेलर्स की रेवेन्यू ग्रोथ इसके प्रतिद्वंदी ‘टाइटटन’ (Titan) से कम रही है. अगर अचानक ज्वेलरी की मांग में मंदी आती है. कंपनी का कर्ज कम होने में देरी होती है. या फिर कंपनी अपनी बिना ज्यादा खर्च वाली (एसेट-लाइट, फ्रेंचाइजी) रणनीति से भटकती है, तो इसका असर स्टॉक पर पड़ सकता है.