Cylinder Price Hike: घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को जून की शुरुआत में महंगाई का एक और झटका लगा है. सरकार द्वारा जारी नई अधिसूचना के अनुसार 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है. नई दरें आज यानी 7 जून से प्रभावी हो गई हैं. इसके बाद राजधानी दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है. इससे पहले मार्च 2026 में भी सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी.
नई कीमतों के लागू होने के बाद देश के मेन महानगरों में घरेलू गैस सिलेंडर महंगा हो गया है. कोलकाता में अब 14.2 किलोग्राम का घरेलू सिलेंडर 968 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 939 रुपये थी. मुंबई में इसकी कीमत 912.50 रुपये से बढ़कर 941.50 रुपये हो गई है. वहीं चेन्नई में उपभोक्ताओं को अब 957.50 रुपये चुकाने होंगे, जबकि पहले ये 928.50 रुपये में मिलता था.
तेल कंपनियों पर बढ़ते वित्तीय दबाव का असर
जानकारी के अनुसार सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री पर लगातार नुकसान झेल रही थीं. अनुमान है कि हर सिलेंडर पर कंपनियों को करीब 703 रुपये का घाटा उठाना पड़ रहा था. इसी वित्तीय दबाव को कम करने और घरेलू गैस आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए कीमतों में संशोधन किया गया है.
कमर्शियल सिलेंडर भी पहले हो चुके हैं महंगे
घरेलू सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से पहले 1 जून को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के दाम भी बढ़ाए गए थे. दिल्ली में इसकी कीमत 42 रुपये बढ़कर 3113.50 रुपये हो गई है. वहीं कोलकाता में 53.50 रुपये की वृद्धि के बाद इसकी नई कीमत 3255.50 रुपये पहुंच गई है. इसके अलावा छोटे व्यवसायों और उपभोक्ताओं द्वारा उपयोग किए जाने वाले 5 किलोग्राम एफटीएल सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी.
मेन शहरों में घरेलू सिलेंडर की नई कीमतें
7 जून से नोएडा में घरेलू सिलेंडर 939.50 रुपये में उपलब्ध होगा. इसके अलावा बेंगलुरु में इसकी कीमत 915.50 रुपये, भुवनेश्वर में 968 रुपये, चंडीगढ़ में 951.50 रुपये, हैदराबाद में 994 रुपये, जयपुर में 945.50 रुपये, लखनऊ में 979.50 रुपये और पटना में 1031.50 रुपये निर्धारित की गई है.