Home > व्यापार > Cyber Crime Alert: साइबर ठगों से बचना है तो आज ही बदल लें ये आदतें, आपकी मेहनत की कमाई रहेगी सुरक्षित

Cyber Crime Alert: साइबर ठगों से बचना है तो आज ही बदल लें ये आदतें, आपकी मेहनत की कमाई रहेगी सुरक्षित

कई बार वे लोगों की जल्दबाजी, डर या लालच का फायदा उठाकर उनसे गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं. आपको कुछ आदतों को हमेशा सही रखना चाहिए ताकि साइबर ठगी से बचे रह सकें.

By: Kunal Mishra | Published: October 9, 2026 6:12:00 PM IST



Cyber Crime Alert: आज के डिजिटल दौर में स्मार्टफोन और इंटरनेट हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं. ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई पेमेंट, मोबाइल रिचार्ज, बिल भुगतान, शॉपिंग और टिकट बुकिंग जैसे काम अब कुछ ही मिनटों में पूरे हो जाते हैं. इससे लोगों का समय और मेहनत बचती है, लेकिन डिजिटल सुविधाओं के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी का खतरा भी लगातार चिंता का विषय बना हुआ है. साइबर अपराधी लोगों को निशाना बनाने के लिए फर्जी फोन कॉल, नकली मैसेज, संदिग्ध लिंक, झूठे इनाम के लालच और बैंक अधिकारी बनकर बात करने जैसे कई तरीके अपना सकते हैं.
कई बार वे लोगों की जल्दबाजी, डर या लालच का फायदा उठाकर उनसे गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं. आपको कुछ आदतों को हमेशा सही रखना चाहिए ताकि साइबर ठगी से बचे रह सकें. 

1. अनजान लिंक पर क्लिक न करें 

साइबर ठगी के कई मामलों में लोगों को एसएमएस, ईमेल, सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप के जरिए कोई लिंक भेजा जाता है. इन संदेशों में दावा किया जा सकता है कि आपका बैंक खाता बंद होने वाला है, केवाईसी अपडेट करना जरूरी है, आपके नाम पर कोई इनाम निकला है या किसी जरूरी दस्तावेज को डाउनलोड करना है. कई बार ये संदेश देखने में बिल्कुल असली लगते हैं। ठग बैंक, सरकारी विभाग, डिलीवरी कंपनी या किसी जानी-मानी संस्था के नाम और लोगो का इस्तेमाल करके लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश कर सकते हैं. 

2. ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंकिंग जानकारी साझा न करें

कई लोगों को लगता है कि यदि फोन करने वाला व्यक्ति खुद को बैंक कर्मचारी, पुलिस अधिकारी या किसी सरकारी विभाग का प्रतिनिधि बता रहा है, तो उस पर भरोसा किया जा सकता है. लेकिन, साइबर ठग अक्सर इसी भरोसे का फायदा उठाते हैं. वे बैंक खाता बंद होने, कार्ड ब्लॉक होने, केवाईसी अधूरी रहने या संदिग्ध लेनदेन की जांच का बहाना बनाकर लोगों से गोपनीय जानकारी मांग सकते हैं. कुछ ठग समस्या हल करने के नाम पर ओटीपी या यूपीआई पिन पूछते हैं, जबकि कुछ लोग स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप इंस्टॉल करने के लिए कहते हैं. इसलिए इसका ध्यान रखें. 

3. एक ही पासवर्ड न रखें 

कई लोग सुविधा के लिए अपने ईमेल, सोशल मीडिया, शॉपिंग अकाउंट और अन्य ऑनलाइन सेवाओं पर एक ही पासवर्ड का इस्तेमाल करते हैं. कुछ लोग अपना पासवर्ड इतना आसान रखते हैं कि उसका अनुमान लगाना मुश्किल नहीं होता. जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, अपना नाम या सामान्य अंकों के क्रम जैसे पासवर्ड याद रखने में आसान जरूर हैं, लेकिन इन्हें सुरक्षित विकल्प नहीं माना जाता. यदि किसी एक वेबसाइट से आपका पासवर्ड लीक हो जाए और वही पासवर्ड दूसरे अकाउंट पर भी इस्तेमाल हो रहा हो, तो अन्य अकाउंट भी खतरे में पड़ सकते हैं. 

Advertisement