Bank Account Reactivate: कई बार लोग नौकरी बदलने के साथ ही शहर बदलने पर लोग अपने पुराने बैंक अकाउंट को बंद कर देते हैं. या कई बार नौकरी छूट जाने के बाद कुछ लोगों का बैंक खाता बंद हो जाता है. अगर लंबे समय तक बैंक खाते का इस्तेमाल नहीं किए जाने पर उस अकाउंट को बंद कर दिया जाता है. जानकारी के लिए बता दें कि अगर किसी बैंक खाते में लगातार 2 वर्षों तक किसी भी तरह का लेन-देन नहीं किया जाए तो ऐसी स्थिति में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के निर्देशों के तहत उसे इनऑपरेटिव या डोरमेंट घोषित कर दिया जाता है.
कई बार खातों में कुछ राशि पड़ी रह जाती है और सालों तक कोई लेनदेन नहीं होने पर खाते को इनएक्टिव कर दिया जाता है. अगर लंबे समय तक खाते में जमा राशि को नहीं निकाला जाए तो ऐसे में वह अनक्लेम्ड डिपॉजिट मान लिया जाता है.
बैंक अकाउंट को कैसे करें रिएक्टिवेट?
अगर आपका बैंक अकाउंट किसी कारण से बंद हो चुका है तो ऐसे में आप इसे दोबारा से रिएक्टिवेट करा सकते हैं. RBI के सख्त नियम हैं कि डिएक्टिवेट हो चुके खातों को फिर से चालू करने के लिए ग्राहकों से कोई चार्ज या शुल्क नहीं वसूला जा सकता है. आप दोबारा से अपने बंद पड़े खाते को चालू करा सकते हैं. इसके लिए आपको अपने बैंक की ब्रांच में विजिट करना होगा. इसके बाद आपको बैंक अधिकारियों से खाता फिर से एक्टिव करने वाला फॉर्म लेना है और उसमें मांगी गई जानकारी को भरना है.
अब आपको अपनी पहचान और पते के प्रमाण के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड या फिर Voter ID और पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस आदि की फोटोकॉपी को साथ में जमा कराना होगा. कई बड़े बैंकों में ग्राहकों को Video KYC के जरिए भी यह सुविधा दी जाती है. जब भी आपका खाता एक्टिवेट हो जाए उसके बाद आपको उसमें एक छोटा अमाउंट डालना होगा.
UDGAM पोर्टल का भी कर सकते हैं इस्तेमाल
अगर आप अपने बंद हुए बैंक अकाउंट को दोबारा से रिएक्टिवेट कराना चाहते हैं तो ऐसे में UDGAM पोर्टल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. आपका पुराना पैसा किस बैंक में जमा है, इसका पता लगाने के लिए RBI के आधिकारिक UDGAM पोर्टल पर आप एक अकाउंट बनाकर उसमें रजिस्टर कर सकते हैं. इसमें आपको अपना नाम, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और पैन कार्ड आदि डालनी है. UDGAM पर आपके नाम का अनक्लेम्ड पैसा दिखने के बाद, संबंधित बैंक शाखा में जाकर अपने वैलिड दस्तावेज दिखाएं और मूल राशि पर लागू ब्याज सहित पूरा पैसा क्लेम कर सकते हैं.