Home > व्यापार > EPF क्लेम होने में क्यों लग रहा है ज्यादा समय? EPFO ने खुद बताई वजह, भूलकर भी न करें ये गलती!

EPF क्लेम होने में क्यों लग रहा है ज्यादा समय? EPFO ने खुद बताई वजह, भूलकर भी न करें ये गलती!

EPFO System Upgrade Delays: EPFO पोर्टल के बड़े बदलावों और नए नियमों के बारे में जानें. क्लेम सेटल होने में क्यों लग रही है देरी? UAN एक्टिवेशन का नया तरीका देखने के लिए अभी पढ़ें...

By: Shivani Singh | Published: July 7, 2026 7:19:48 PM IST



कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने डेटाबेस को मजबूत करने और सॉफ्टवेयर को अपग्रेड करने का एक बड़ा काम पूरा कर लिया है. इस बदलाव का मकसद खाताधारकों (members) और नियोक्ताओं (employers) को बेहतर सर्विस देना और उनके अनुभव को और आसान बनाना है।

एक आधिकारिक घोषणा के मुताबिक, ‘सॉफ्टवेयर माइग्रेशन के बाद सिस्टम को पूरी तरह स्थिर करने की प्रक्रिया चल रही है. शुरुआती दो हफ्तों के दौरान डेटा की सटीकता और सुरक्षा को पक्का करने के लिए, सभी दावों और सर्विस रिक्वेस्ट की जांच अतिरिक्त वेरिफिकेशन और वैलिडेशन स्टेप्स के साथ, धीरे-धीरे और चरणबद्ध तरीके से की जाएगी.’

EPF क्लेम में क्यों लग सकता है ज्यादा समय?

EPFO ने पहले ही साफ कर दिया है कि नए सिस्टम में चीजें पूरी तरह सेट होने तक शुरुआती दिनों में कुछ सेवाओं में सामान्य से थोड़ा अधिक समय लग सकता है. सिस्टम को मजबूत और सुरक्षित बनाने के इस दौर में सभी क्लेम और रिक्वेस्ट को एक तय प्रक्रिया के तहत धीरे-धीरे प्रोसेस किया जा रहा है. संगठन का कहना है कि डेटा माइग्रेशन के बाद रिकॉर्ड्स में कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए कुछ नए वेरिफिकेशन और वैलिडेशन चेक जोड़े गए हैं.

इस बदलाव के दौरान, मेंबर्स और एम्प्लॉयर्स को EPF क्लेम और कुछ ऑनलाइन सेवाओं में देरी का सामना करना पड़ सकता है. इसे देखते हुए EPFO ने यूजर्स से अपील की है कि वे पीक ऑवर्स (जब ट्रैफिक ज्यादा हो) के दौरान बार-बार पोर्टल लॉगिन करने की कोशिश न करें और न ही एक ही रिक्वेस्ट को बार-बार सबमिट करें.

क्या UMANG ऐप पर EPFO की सेवाएं मिल रही हैं?

UMANG ऐप पर जारी एक नोटिफिकेशन के अनुसार, ‘विभाग द्वारा किए जा रहे शेड्यूल्ड माइग्रेशन (सिस्टम अपग्रेड) के काम की वजह से फिलहाल EPFO की सेवाएं ऐप पर उपलब्ध नहीं हैं, जो जल्द ही दोबारा शुरू हो जाएंगी. हालांकि, EPFO का मुख्य मेंबर पोर्टल अब पूरी तरह काम कर रहा है. मेंबर्स अपनी जरूरतों के लिए सीधे EPFO मेंबर पोर्टल पर जाकर सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं.’

EPFO ने किया यूनिफाइड मेंबर पोर्टल में बदलाव

तकरीबन एक हफ्ते तक चले सिस्टम अपग्रेड के काम के बाद, EPFO का यूनिफाइड मेंबर पोर्टल एक नए लुक और कई बदलावों के साथ दोबारा लाइव हो गया है. इस बार सबसे बड़ा बदलाव यह किया गया है कि अब इस पोर्टल से UAN एक्टिवेशन (UAN activation) और डायरेक्ट UAN अलॉटमेंट की सुविधा हटा दी गई है. अब इन सेवाओं को UMANG ऐप पर शिफ्ट कर दिया गया है, जहां आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए यह काम किया जा सकता है.

इसके अलावा, नए अपग्रेड किए गए पोर्टल पर UAN ढूंढने (UAN retrieval) की प्रक्रिया को पहले से काफी आसान बना दिया गया है. वहीं, डेथ क्लेम (जमाकर्ता की मृत्यु के बाद क्लेम) जैसी जरूरी सेवाएं पहले की तरह EPFO पोर्टल पर ही उपलब्ध रहेंगी.

UMANG ऐप क्या है?

उमंग (UMANG – Unified Mobile Application for New-age Governance) ऐप सरकार का एक आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है. इसकी मदद से लोग दफ्तरों के चक्कर काटे बिना, सीधे अपने स्मार्टफोन पर ही ईपीएफओ (EPFO) समेत सरकार की तमाम जरूरी डिजिटल सेवाओं का फायदा उठा सकते हैं.

Advertisement