Cafe Coffee Day Profit In FY26: कैफे कॉफी डे (CCD) को संचालित करने वाली कंपनी कॉफी डे ग्लोबल लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026 में शानदार वापसी करते हुए दोबारा मुनाफा दर्ज किया है. कंपनी ने टैक्स के बाद 14 करोड़ रुपये का लाभ (PAT) हासिल किया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में उसे भारी घाटे का सामना करना पड़ा था. यह प्रदर्शन कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण टर्नअराउंड माना जा रहा है.
रेवेन्यू में दर्ज हुई बढ़ोतरी
कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड (CDEL) की ओर से शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 5.7 प्रतिशत बढ़कर 1,094 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. इसके मुकाबले वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का राजस्व 1,034.63 करोड़ रुपये था. बढ़ती बिक्री और बेहतर परिचालन प्रबंधन ने कंपनी के प्रदर्शन को मजबूत किया.
ऑपरेटिंग प्रॉफिट में 27% का उछाल
कंपनी का EBITDA यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट भी मजबूत वृद्धि के साथ सामने आया. वित्त वर्ष 2026 में EBITDA 27 प्रतिशत बढ़कर 198 करोड़ रुपये हो गया. इससे संकेत मिलता है कि कंपनी ने अपने खर्चों को नियंत्रित करने और परिचालन क्षमता बढ़ाने में सफलता हासिल की है.
वेंडिंग मशीन कारोबार बना ग्रोथ इंजन
कॉफी डे के वेंडिंग मशीन कारोबार ने इस दौरान लगातार विस्तार जारी रखा. वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के अंत तक कंपनी की वेंडिंग मशीनों की संख्या बढ़कर 55,802 हो गई, जबकि एक साल पहले यह आंकड़ा 54,100 था. वहीं, औसत दैनिक बिक्री (ASPD) भी 21,016 रुपये से बढ़कर 21,101 रुपये हो गई, जो स्थिर मांग का संकेत देती है.
आउटलेट घटे, फिर भी बढ़ी कमाई
हालांकि कंपनी के कैफे आउटलेट्स की संख्या 435 से घटकर 424 रह गई और समान स्टोर बिक्री वृद्धि (SSSG) -1.72 प्रतिशत रही, इसके बावजूद कंपनी मुनाफे में लौटने में सफल रही. वहीं, मूल कंपनी कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने भी FY26 में 210.14 करोड़ रुपये का PAT दर्ज किया, जबकि FY25 में उसे 143.20 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था. यह बदलाव दर्शाता है कि कंपनी अब लाभप्रदता और दीर्घकालिक स्थिरता पर अधिक ध्यान दे रही है.
UPI से लेकर इनकम टैक्स तक, 1 जून से बदल गए ये 5 बड़े नियम; आपकी जेब पर पड़ेगा असर