Thursday, March 16, 2023

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नव किशोर दास को मारी गई गोली

ब्रजराजनगर।  ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री और झारसुगुड़ा के विधायक नव किशोर दास को अज्ञात हमलावरों ने रविवार को बृजराजनगर में गोली मार दी। अपराधियों ने करीब चार से पांच राउंड फायरिंग की, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री के सीने में गोली मारी गई है। घटना के बाद नव किशोर दास को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना  दोपहर करीब 12 बजे बृजराजनगर के पास गांधी चौक पर हुई है।

बता दें , घटना के समय नव किशोर दास बृजराजनगर में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने अपने वाहन से बाहर निकलने के बाद नव दास पर गोलीबारी करना शुरू कर दिया है। फायरिंग के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।

बता दें, नव किशोर दास ने झारसुगुड़ा विधानसभा क्षेत्र से 2004 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2009 में दास को जीत हासिल हुई इसके बाद दास ने 2014 और 2019 में फिर से चुनाव जीत कर विधायक बने थे। नव किशोर दास को क्षेत्र में प्रभावशाली नेता के तौर पर जाना जाता है। इससे पहले नव किशोर दास उस समय खबरों की सुर्खियों में आ गए थे जब उन्होंने महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर मंदिर में 1 करोड़ रुपये की लागत के 1.7 किलोग्राम सोने के और 5 किलोग्राम चांदी से बने कलश दान किया था।

Latest news