Delhi, jamia nagar। दिल्ली के जामिया नगर के जोगा बाई एक्सटेंशन में संदूक बंद होने से मासूम भाई-बहन की दम घुटने से मौत हो गई। मामले को लेकर इनखबर से बात करते हुए जामिया नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि, दोनों बच्चों के शव जामिया नगर में स्थित एक फैक्ट्री की छत पर रखे संदूक से मिले हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया गया है, फिलहाल जांच जारी है। मृतक बच्चों के नाम नीरज (उम्र 8 साल) और आरती (उम्र 6 साल) है।
संदूक के अंदर खेल रहे थे बच्चे
अधिकारी ने इनखबर को बताया कि, इस घटना की जानकारी तब मिली जब दोनों बच्चों की बड़ी बहन अपने भाई – बहनों को ढूंढते हुए फैक्ट्री की छत पर गई और जैसे ही उसने संदूक को खोला तो उसमें नीरज और आरती मृत पड़े हुए थे। दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था। शुरूआती जांच में ऐसा लग रहा है कि ये दोनों बच्चे बॉक्स के अंदर खेल रहे थे, इसी दौरान संदूक का ढक्कन बंद हो गया। बच्चे संदूक को खोल नहीं पाए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
जोगाबाई एक्सटेंशन में रहता है परिवार
बच्चों की मौत की खबर सुनने के बाद पिता बलबीर का रो-रोकर बुरा हाल है। बता दें, चौकीदार की नौकरी करने वाला बलबीर अपनी दो बेटियों और इकलौते बेटे के साथ F-2 जोगाबाई एक्सटेंशन में रहता है। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया है। बच्चे मंगलवार दोपहर 3:30 बजे से ही गायब थे।
बड़ी बहन ने पहले भी किया था सतर्क
बताया जा रहा है कि घटना से दो दिन पहले भी नीरज और आरती संदूक के अंदर खेल रहे थे। इसी दौरान बड़ी बहन ने दोनों को संदूक के अंदर खेलने से मना किया था।