बिहार के सिवान जिले में शादीशुदा और 2 बच्चों की मां को इश्क का ऐसा बुखार चढ़ा कि वह प्रेमी को पाने की चाहत में बिजली के टावर पर चढ़ गई. इसके बाद लोगों में हड़कंप मच गया. तत्काल पुलिस को जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही आसपास के दर्जनों गांवों के लोग भी मौके पर जुट गए. वहीं, सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने काफी मशक्कत और समझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया. हालांकि, वह अभी भी प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई है. उसका कहना है कि उसके और प्रेमी के बीच काफी समय से लव अफेयर है. प्रेमी ने शादी करने और उसके दोनों बच्चों को भी अपनाने का वादा किया है. ऐसे में वह शादी करके प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है.
पति ने जताई हत्या की आशंका
वहीं पति का कहना है कि उसे पत्नी से अपनी जान का खतरा है. उसने लिखित रूप से कहा कि पत्नी अपने प्रेमी के साथ चली जाए और वह अपने बच्चों के साथ रह लेगा. उसका कहना है कि कहीं उसकी पत्नी मुस्कान, सोनम और सिया की तरह उसे मौत के घाट ना उतार दे.
बच्चों की गुहार सुनकर भावुक हुए लोग
पूरा मामला भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के सारीपट्टी गांव के समीप का है. बुधवार (05 अगस्त, 2026) की सुबह गांव में उस समय अफरातफरी मच गई, जब 2 बच्चों की मां चार लाख वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइन के टावर पर चढ़ गई. सूचना पर पति दीपक मांझी अपने 5 और 3 साल के बेटे को लेकर मौके पर पहुंचा. दोनों मासूम बच्चों ने रोते हुए मां से नीचे उतरने की विनती की, लेकिन वह तैयार नहीं हुई. इस दौरान वहां का नजारा भावुक हो गया. बच्चों की पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.
कई बार हाथ की नस काट चुकी है महिला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार को महिला भगवानपुर गांव स्थित एक रिश्तेदार के यहां पहुंची थी. यहां पर वह अचानक ही बिजली के टावर पर चढ़ गई. वहीं, इस बारे में पति का यह भी कहना है कि प्रेमी के साथ रहने की जिद में महिला पहले अपने हाथ की नस भी काट चुकी है. एक रात तो वह बिना बताए अपने प्रेमी के घर चली गई और वहां शादी की जिद करने लगी. वहीं, थानाध्यक्ष का कहना है कि मौके पर पहुंची ने महिला को नीचे उतार लिया है. उधर, विद्युत विभाग की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: घर के अंदर क्या चल रहा था? युवती की चीखों ने खोल दिया रहस्य, पुलिस के पहुंचने से पहले ही हो गया कांड
यह भी पढ़ें: सास-ससुर को सबके सामने मारा, बहू के साथ भी कुछ दूरी पर कर दिया कांड!