Home > क्राइम > Marriage Fraud: ₹200 के नोट ने खोली दूल्हे की पोल! दुल्हन ने विदाई से किया इनकार; ऐसे पकड़ में आया बारातियों का झूठ

Marriage Fraud: ₹200 के नोट ने खोली दूल्हे की पोल! दुल्हन ने विदाई से किया इनकार; ऐसे पकड़ में आया बारातियों का झूठ

बिहार के मुजफ्फरपुर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां रात में दुल्हन ने दुल्हे के साथ सात फेरे लिए और सुबह शादी तोड़ दी. शादी तोड़ने से पहले आईक्यू टेस्ट की बात सामने आ रही है. असल वजह जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे-

By: Kajal Jain | Last Updated: May 5, 2026 12:56:26 PM IST



बिहार के मुजफ्फरपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दूल्हे के साथ सात फेरे लेकर दुल्हन ने विदाई से इनकार कर दिया और तत्काल प्रभाव से शादी तोड़ दी. धूमधाम से हुई शादी पल भर में खत्म, रिश्तेदार हैरान रह गए और बारातियों को खाली हाथ लौटना पड़ा. बताया जा रहा है कि ये विवाद 200 रुपये के नोट ने शुरू हुआ. दुल्हन पक्ष ने विदाई से पहले दूल्हे से सवाल-जवाब किए और संतुष्टि न मिलने पर शादी हमेशा के लिए तोड़ दी. 

ठगी का पर्दाफाश

मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, ये घटना शुक्रवार 1 मई 2026 की है, जहां मुजफ्फरपुर के बरियारपुर थाना क्षेत्र के मनियारी इलाके में बारात का धूमधाम से स्वागत हुआ. रातभर शादी की रस्मों-रिवाज चले. हंसी-खुशी से लड़की विदा होने वाली थी कि तब ही बारातियों की ठगी का पर्दाफाश हो गया.

दूल्हे पर था शक

जानकारी के अनुसार, दुल्हन के परिजनों को दूल्हे की पहचान पर शक था कि जिस दूल्हे को पसंद किया गया था, ये वो नहीं है और दूसरे दूल्हे के साथ बेटी की शादी कराई जा रही है. जहां परिवार वाले इस घटना को मात्र एक भ्रम समझकर शांत बैठ गए तो वहीं दुल्हन ने मोर्चा संभाला और 200 रुपये के नोट से दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया.

कैसे खुला राज़

बताया जा रहा है कि शादी की रस्मों को अदा करने के बाद जैसे ही दुल्हन विदा होने वाली थी, तब दुल्हन के परिजनों को दूल्हे की मानसिक स्थिति पर संदेह होने लगा. देखते ही देखते, शक वाद-विवाद में बदल गया. तभी दुल्हन की साइड से एक महिला सामने आती है और दूल्हे को 200 का नोट दिखाती हैं. दूल्हा नोट को देखते ही आत्मविश्वास के साथ 2000 का नोट बताता है. 

परिजनों में हडकंप

दूल्हे का जवाब सुनते ही दुल्हन पक्ष की महिलाएं शोर मचाने लगीं और दुल्हन को विदा करने से मना कर दिया. वाद-विवाद इतना बढ़ गया कि परतें खुलने लगीं और पता चला कि जिस दूल्हे को पसंद किया गया था, असल में ये वो लड़का है ही नहीं, दुल्हन और परिजनों को ठगने के लिए दूसरे दूल्हे से शादी करा दी गई. 

बारात को खाली हाथ लौटाया

ये मामला इसलिए भी खास है क्योंकि दुल्हन के परिजनों ने समाज की चिंता किए बिना अपनी बेटी के सुरक्षित भविष्य का निर्णय लिया. इस धोखेबाजी के सामने आते ही बारातियों को चुपचाप चले जाने के लिए कह दिया गया. इस धोखाधड़ी की जानकारी पुलिस को भी दी गई. फिल्हाल, दुल्हन के परिवार में आक्रोश का माहौल है और पुलिस मामले में जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें:- Egg Freezing: आकांक्षा रंजन ने फ्रीज कराए एग्स, झेलना पड़ा ये सब, एक्सपर्ट्स से जानें क्या वाकई ये सक्सेसफुल है?

Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियों का हम यह दावा नहीं करते कि ये जानकारी पूर्णतया सत्य एवं सटीक है. पाठकों से अनुरोध है कि इस लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें. inkhabar इसकी सत्यता का दावा नहीं करता है.

Advertisement