Home > बिहार > बिहार में 11 जून से बदलेगा मौसम, बारिश और तेज हवाओं के लिए जारी किया गया अलर्ट, 7 जिलों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह

बिहार में 11 जून से बदलेगा मौसम, बारिश और तेज हवाओं के लिए जारी किया गया अलर्ट, 7 जिलों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह

बिहार में मौसम को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने 13 जून तक राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है. वहीं 7 जिलों में अगले दो से तीन घंटे के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है.

By: Shivangi Shukla | Published: June 10, 2026 7:51:34 PM IST



Bihar Weather Forecast: बिहार में जल्द ही मौसम बदलने वाला है और लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग ने 13 जून तक बिहार के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. 

लोगों के मोबाइल फोन पर भी खराब मौसम से बचने के लिए अलर्ट मैसेज भेजा गया है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर-पश्चिम भारत में मानसून सक्रिय है. जिसकी वजह से आने वाले दिनों में बिहार के कई जिलों में भी बारिश होगी.

7 जिलों के लिए विशेष अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के सात जिलों दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर और सीतामढ़ी के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में आज ही अगले दो से तीन घंटे में बारिश की संभावना है. इसके साथ ही यहां मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन तथा वज्रपात के साथ तेज हवा चलने की भी प्रबल संभावना है. बुधवार को मुजफ्फरपुर और मधुबनी में दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया और बारिश होने लगी. बगहा में सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही थी. वहीं खगड़िया में भी दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और बारिश हुई है. 

11 और 12 जून को अधिकांश जिलों में भी होगी बारिश 

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 11 और 12 जून को अधिकांश जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही तेज गरज के साथ आंधी, बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है. भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के 24 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में आने वाले दो दिनों में तेज आंधी और बारिश की आशंका है. इसके अलावा 9 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

कब होगी मानसून की दस्तक?

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. पूर्वी भारत की ओर इसकी रफ्तार बनी हुई है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 12 से 15 जून के बीच बिहार में मानसून प्रवेश कर सकता है. इसके बाद राज्य में बारिश  होगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है.

Advertisement