Home > बिहार > Bihar: स्कूल में हुआ प्यार, फिर सिपाही बनते ही शादी से किया इनकार, लड़की ने उठाया ऐसा कदम; पुलिस ने ही करा दी शादी

Bihar: स्कूल में हुआ प्यार, फिर सिपाही बनते ही शादी से किया इनकार, लड़की ने उठाया ऐसा कदम; पुलिस ने ही करा दी शादी

Aurangabad News: लड़की पूजा कुमारी के मुताबिक प्रेमी अंकेश से उसकी मुलाकात स्कूल में हुई थी. दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे. पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गया.

By: Hasnain Alam | Published: August 10, 2026 8:34:44 PM IST



Bihar News: बिहार के औरंगाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक लड़की अपने सिपाही प्रेमी से शादी करने के लिए समस्तीपुर से करीब 250 किलोमीटर दूर औरंगाबाद के अंबा पहुंच गई. सिपाही प्रेमी उत्पाद विभाग के एरका चेक पोस्ट पर है. लड़की चेकपोस्ट पर पहुंची, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई. मामला बढ़ता देख मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. 

लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई. वहां पूछताछ में चार साल पुराने प्रेम संबंध की बात सामने आई. उसके बाद पुलिस ने दोनों की मंदिर में शादी करवा दी.

स्कूल में हुई थी दोनों की मुलाकात

लड़की पूजा कुमारी के मुताबिक प्रेमी अंकेश से उसकी मुलाकात स्कूल में हुई थी. दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे. पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गया. शुरुआत में जब अंकेश ने उसे प्रपोज किया तो उसने इनकार कर दिया था.

पूजा का कहना है कि करीब तीन साल पहले अंकेश का बिहार पुलिस में सिपाही पद पर चयन हो गया. नौकरी मिलने के बाद वह ड्यूटी पर चला गया, लेकिन दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला जारी रहा. इस दौरान पूजा के परिवार वाले उसकी शादी के लिए रिश्ता तलाशने लगे. मौका देखकर उसने अपने घरवालों को अंकेश के बारे में बताया.

‘तुमसे शादी नहीं कर सकता हूं’

अंकेश से बात करने पर उसने कहा कि ‘मैं अब तुमसे शादी नहीं कर सकता हूं.’ ये सुनकर मैं टूट गई, लेकिन हिम्मत नहीं हारी. इसी बीच उसे जानकारी मिली कि उसकी शादी कहीं और तय हो गई है. यह जानकारी मिलते ही अपने घरवालों को बिना बताए समस्तीपुर से करीब 250 किलोमीटर दूर अंबा पहुंच गई.

इस संबंध में अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि दोनों बालिग हैं. पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों के परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया था. परिजनों की मौजूदगी और सहमति से सतबहिनी मंदिर में शादी कराई गई है.

Tags:
Advertisement