Rohtas Labour Death: बिहार के रोहतास जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. एक मजदूर की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या किए जाने और उसके शव को नहर में फेंकने के आरोप के बाद गांववालों का गुस्सा फूट पड़ा.
देखते ही देखते सैकड़ों लोग आरोपी के घर पहुंच गए और जमकर तोड़फोड़ व आगजनी की. इस दौरान आरोपी का मकान, ट्रैक्टर, हर्वेस्टर और अन्य सामान आग की भेंट चढ़ गया. हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा.
आरोपी अजीत तिवारी ने मजदूर पर की फायरिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिल्की मनिहारी गांव निवासी चनेश्वर चौधरी (60) मजदूरी के लिए जोगिया गांव पहुंचे थे. इसी दौरान उनका कथित तौर पर अजीत तिवारी नाम के व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अजीत तिवारी ने फायरिंग कर दी. पहली गोली एक कुत्ते को लगी, जबकि दूसकी गोली चनेश्वर चौधरी को लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
मारने के बाद शव को नहर में फेंका
गांववालों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे चनेश्वर चौधरी के शव को गाड़ी में रखकर वहां से ले गया और नहर में फेंक दिया. सूचना मिलते ही पुलिस ने नहर में शव की तलाश शुरू कर दी. मामले की जांच जारी है और पुलिस आधिकारिक तौर से सभी तथ्यों की पुष्टि करने में जुटी है.
गुस्से में गांववालों ने किया हमला
घटना की खबर फैलते ही गांव वाले भड़क गए. गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर में घुसकर आग लगा दी, जिससे घर का बहुत सारा सामान और खेती के औजार जलकर खाक हो गए. सूचना मिलने पर रोहतास पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात तनावपूर्ण हो गए, जिससे विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए. खबर है कि पुलिस पर भी पत्थरबाजी हुई.
बिक्रमगंज DSP और रोहतास SP मौके पर पहुंचे और पुलिस बुलाकर हालात को काबू करने की कोशिश की. फिलहाल, तनाव के कारण पुलिस गांव में कैंप कर रही है. पुलिस का कहना है कि वे आरोपी को गिरफ्तार करने और घायल चनेश्वर चौधरी को बरामद करने के लिए लगातार छापेमारी कर रहे हैं. पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.