Home > बिहार > Samastipur protest: दिल्ली में बिहारी युवक की गोली मारकर हत्या, विरोध में समस्तीपुर में गृहमंत्री का पुतला फूंका

Samastipur protest: दिल्ली में बिहारी युवक की गोली मारकर हत्या, विरोध में समस्तीपुर में गृहमंत्री का पुतला फूंका

Samastipur protest:  दिल्ली के द्वारका में बिहारी डिलीवरी बॉय पांडव कुमार की पुलिस द्वारा गोली मारकर हत्या के बाद बिहार में गहरा आक्रोश फैल गया है. समस्तीपुर में आइसा और नागरिक समाज ने विरोध मार्च निकालकर गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया और मामले की निष्पक्ष जांच, मुआवजा तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की.

By: Ranjana Sharma | Last Updated: April 29, 2026 4:29:27 PM IST



Samastipur protest: दिल्ली के द्वारका इलाके में एक बिहारी युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना से बिहार में भारी आक्रोश फैल गया है. इस घटना के विरोध में समस्तीपुर शहर में आइसा और नागरिक समाज के बैनर तले जोरदार प्रतिरोध मार्च निकाला गया और गृहमंत्री का पुतला फूंका गया.

सर्किट हाउस से निकला प्रतिरोध मार्च

घटना से आक्रोशित कार्यकर्ता सर्किट हाउस में एकत्र हुए और झंडे, बैनर तथा मांगों से संबंधित नारे लिखी तख्तियों के साथ प्रतिरोध मार्च निकाला. यह मार्च शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गायत्री कॉम्प्लेक्स तक पहुंचा, जहां सभा में तब्दील हो गया.

गृहमंत्री का पुतला फूंका 

सभा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंका और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया. नेताओं ने मांग की कि दोषी पुलिसकर्मी पर एफआईआर दर्ज कर स्पीडी ट्रायल चलाया जाए, मृतक के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए और परिजनों को सरकारी नौकरी दी जाए.

 बिहारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में काम कर रहे बिहारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए. साथ ही बिहार में रोजगार के अवसर बढ़ाने की भी मांग की गई. मृतक पांडव कुमार खगड़िया जिले का निवासी था और दिल्ली में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था. बताया गया कि द्वारका में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी ने विवाद के बाद उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और उसका साथी घायल हो गया.

Disclaimer- The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement