Patna News: बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ स्टेशन परिसर पर उस समय हंगामा मच गया जब शख्स की पत्नी को पता चला कि उसके पति ने दो शादी की हैं. बाढ़ स्टेशन परिसर के बाहर पुराने टिकट काउंटर के पास पहली पत्नी ने अपने पति को दूसरी पत्नी के साथ देखा तो हंगामा शुरू कर दिया. देखते-देखते बीच सड़क जमकर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई. इसके बाद करीब एक घंटे तक बीच सड़क पर हंगामा चलता रहा.
नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के रहने वाले सोनू कुमार 2 शादियां की हैं. सोनू कुमार की पहली शादी करीब 14 साल पहले सकसोहरा थाना क्षेत्र के भागाबीघा गांव में धूमधाम से हुई थी. इस शादी से उसकी एक 12 वर्षीय बेटी भी है. शादी के कुछ सालों बाद ही घर में लगातार पारिवारिक कलह चल रही थी.
इसके चलते तंग आकर सोनू ने अपने परिवार का साथ छोड़ दिया. उसने खुद को कुंवारा बताते हुए 2 दिन पहले ही वट सावित्री पूजा के अवसर पर एक दूसरी लड़की से शादी रचा ली. सोनू की यह दूसरी पत्नी एनटीपीसी थाना क्षेत्र के रैली गांव की रहने वाली है और उसे भी पहले से दो साल का एक बच्चा है.
दो शादी करने वाले पति की हुई कुटाई
इस बीच पहली पत्नी को पता चला कि शादी के बाद सोनू अपनी नई नवेली दूसरी पत्नी के साथ बाढ़ रेलवे स्टेशन परिसर के पास घूम रहा है. इसी दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने उसे वहां देख लिया और इसकी गुप्त सूचना तुरंत उसकी पहली पत्नी के मायके वालों को दे दी. जानकारी मिलते ही पहली पत्नी के दर्जनों परिजन आक्रोशित होकर बाढ़ स्टेशन परिसर पहुंच गए. उन्होंने सोनू को रंगे हाथों उसकी दूसरी पत्नी के साथ पकड़ लिया. इसके बाद गुस्साए परिजनों ने बीच सड़क पर ही सोनू की जमकर कुटाई कर दी.
यह भी पढ़ें: सोनू की 2 बीवियों की पहली मुलाकात, पटना रेलवे स्टेशन पर दिखा ऐसा नजारा; किसी ने कूटा तो किसी ने वीडियो बनाई
मौका पार भागी दूसरी पत्नी
इस हंगामे को देखकर दूसरी पत्नी घबरा गई. इस बीच मौका पाकर वहां से भाग गई. परिजनों ने सोनू को जमकर पीटने के बाद उसका कॉलर पकड़ा और जबरन एक ई-रिक्शा पर बिठाकर उसे सकसोहरा थाना क्षेत्र की ओर लेकर चले गए. इस पूरे ड्रामे के दौरान हैरान करने वाली बात यह रही कि स्टेशन जैसे व्यस्त इलाके में एक घंटे तक यह सब चलता रहा, लेकिन न तो स्थानीय पुलिस और न ही रेल पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल का कोई जवान मौके पर पहुंचा.
इनपुट: रवि शंकर शर्मा