Patna Murder Case: बिहार की राजधानी पटना में सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप मच गया था. पुलिस ने अब इस मामले का खुलासा कर दिया है. अपनी जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वह धड़ चंदन कुमार नामक व्यक्ति का था. उसकी हत्या उसके एक रिश्तेदार छोटू ने अपनी पत्नी खुशबू के साथ मिलकर की थी. बताया जा रहा है कि इस हत्या में एक और व्यक्ति भी शामिल था. चंंदन का सिर काटकर दूसरी जगह पर फेंक दिया गया था. यह पूरी घटना कौशल नगर रेलवे लाइन के पास हुई, जो एयरपोर्ट पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है.
अब इस मामले में जानकारी सामने आ रही है कि पुलिस ने सिर कटी लाश की गुत्थी को सुलझा दिया है. पटना पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक तरीकों से की गई जांच के बाद इस मामले को सुलझाया.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने 13 मई को एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के अंतर्गत कौशल नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक सिर कटी लाश बरामद की थी. इस घटना के संबंध में बाद में एयरपोर्ट थाना में एक मामला दर्ज किया गया था. जब पुलिस ने इस मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की तो पटना पुलिस ने खुशबू कुमारी नाम की एक महिला को गिरफ्तार किया. इससे जब पुलिस ने पूछताछ की तो इसने छोटू का नाम बताया. पुलिस की जांच में पता चला कि छोटू आपराधिक किस्म का व्यक्ति है. उसके खिलाफ पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं. इसके अलावा, चंदन भी एक मामले में जेल जा चुका है.
पुलिस ने छोटू को 18 मई को गिरफ्तार किया था. हालांकि, एक जून को इसी मामले के सिलसिले में एक और आरोपी दिलावर कुमार को गिरफ्तार किया गया. इन सभी अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद ही इस घटना की पूरी जानकारी सामने आई और पुलिस को सच्चाई का पता चला.
पुलिस ने क्या बताया?
इस पूरे मामले पर पुलिस का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि छोटू और दिलावर से मिली जानकारियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आगे की तलाशी की गई, जिसमें ऑटो चालक चंदन का कटा हुआ सिर और उसके कपड़े कौशल नगर रेलवे लाइन के पास झाड़ियों से बरामद किया गया. इसके अलावा, सचिवालय डीएसपी अनु कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि छोटू और चंदन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. जिसकी वजह से छोटू ने दिलावर के साथ मिलकर चंदन की हत्या की साजिश रची. हालांकि, ये मामला प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा हो सकता है. इसलिए पुलिस इस ऐंगल से भी मामले की जांच करेगी. जिस दिशा में पुलिस ने जांच करना शुरू कर दिया है.
यह भी पढ़ें – Devar Bhabhi Love Story: देवर संग आपत्तिजनक हालत में पकड़ी गई पत्नी, एतराज पर ना मानी तो पति ने उठा लिया खौफनाक कदम