Aurangabad Clash News: पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. इस हिंसक झड़प में एक पक्ष के पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-33 स्थित पिपरडीह गांव की है. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में प्रदीप कुमार, उनकी पत्नी प्रमिला देवी, बेटे नीरज कुमार, भतीजा राहुल कुमार और संतोष कुमार शामिल हैं. घटना में दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज निजी क्लिनिक में कराया गया है.
पुराना जमीन संबंधी विवाद
विवाद की जड़ पुराना जमीन संबंधी मामला है, जो पहले भी कई बार तनाव का कारण बन चुका है. घायल संतोष कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह उसका भाई संतन बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रहा था. इसी दौरान पड़ोस के ही मंगलदीप यादव, उनकी पत्नी मीना देवी, भाई राजीव रंजन एवं उनकी पत्नी बेबी देवी ने उसे रोक लिया और उसके भाई धनंजय के बारे में पूछताछ करने लगे. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. संतोष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग पहले से हमले की तैयारी में थे. उन्होंने पहले पीड़ित पक्ष के लोगों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिससे वे असहाय हो गए. इसके बाद लोहे के रॉड और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव के लिए पहुंचे, तो उन पर भी हमला कर दिया गया.
आपस में भिड़े दो गुट
इस हमले में प्रमिला देवी को गंभीर चोटें आई हैं और उनके सिर में करीब 35 टांके लगे हैं. प्रदीप कुमार और नीरज कुमार को भी गंभीर चोटें आई हैं. अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद पिपरडीह मोहल्ला में तनाव का माहौल बना हुआ है.
Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.