Bihar Weather News: बिहार में आने वाले कुछ दिन बारिश से सराबोर रहेंगे. भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए आने वाले कुछ दिनों में वज्रपात और बारिश का अलर्ट जारी किया है.
हालांकि लोगों को गर्मी से मिली राहत जल्द ही खत्म हो सकती है, क्योंकि मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, बिहार में 4 जून से गर्मी बढ़ने और ‘लू’ चलने की संभावना है.
अभी कुछ दिन हो सकती है बारिश
बिहार के पटना, गया, अररिया और किशनगंज सहित अधिकांश जिलों में अभी कुछ दिन तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे राज्य में मौसम सुहावना बना रहेगा. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घर से बाहर न निकलने का सुझाव दिया है. आगामी 3-4 दिनों में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से 36 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. मौसम विभाग के अनुसार बारिश और तूफ़ान के समय कहीं-कहीं पर बिजली गिरने जैसी घटनाएं हो सकती हैं और निवासियों को सावधान रहना चाहिए.
4 जून से बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार मौसम राज्य में तेजी से करवट लेगा. राज्य में 4 जून से गर्मी बढ़ सकती है. तापमान उसके बाद फिर 40 के पार जा सकता है और ‘लू’ का कहर जारी हो सकता है. खास तौर से बिहार के दक्षिणी जिलों जैसे गया, नवादा और नालंदा में तेजी से तापमान बढ़ेगा, जिससे फिर से गर्मी परेशान हो सकते हैं.