बिहार के सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. महज कुछ महीने पहले ही शादी के पवित्र बंधन में बंधे एक नवदंपती की एक साथ मौत से हर कोई स्तब्ध है. रोजगार की तलाश में चेन्नई में रह रहे 25 वर्षीय बबलू महतो ने पारिवारिक विवाद के चलते वीडियो कॉल पर अपनी पत्नी को फांसी लगाकर आत्महत्या करते हुए लाइव दिखा दिया. पति को फंदे पर झूलता हुआ इस खौफनाक मंजर में देख सदमे में आई 23 वर्षीय पत्नी सपना कुमारी ने भी अपने घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. इस सनसनीखेज वारदात से रसूलपुर और सपना के मायके मछगरा गांव में मातम पसरा हुआ है. एक ही घर से उठी दो अर्थियों को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के मुताबिक दोनों की शादी इसी साल फरवरी में धूमधाम से हुई थी, लेकिन किसी बात को लेकर आपस में विवाद चल रहा था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है.
वीडियो कॉल पर पति ने दिखाया खौफनाक मंजर
रोजगार के सिलसिले में बबलू करीब 5 महीने पहले चेन्नई गया था, जहां वह पेंटिंग और मजदूरी का काम करता था. शनिवार शाम किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी. रविवार की सुबह बबलू ने गुस्से में आकर चेन्नई से अपनी पत्नी सपना को वीडियो कॉल की. बात करते-करते उसने फंदा लगाया और लाइव वीडियो पर ही फांसी लगा ली. अपनी आंखों के सामने पति को फंदे पर झूलता देख सपना को इतना बड़ा सदमा लगा कि उसने भी कमरे का दरवाजा बंद कर पंखे से लटककर अपनी जान दे दी.
सास खेत से लौटी तो उड़ गए होश
घटना के समय सपना की सास खेत में काम करने गई हुई थीं. जब वह दोपहर को घर लौटीं और बहू को आवाज दी, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. जब उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो सपना का शव पंखे से झूल रहा था. चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा, लेकिन तब तक सपना की मौत हो चुकी थी. अभी परिजन इस घटना से संभल भी नहीं पाए थे कि कुछ ही देर में चेन्नई से बबलू के सुसाइड की खबर भी आ गई, जिससे घर में कोहराम मच गया.
पुलिस कर रही है मामले की जांच
सूचना मिलते ही अमनौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सपना के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया. वहीं चेन्नई में बबलू के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे गांव लाने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आपसी कलह का लग रहा है. पुलिस दोनों के मोबाइल फोन और कॉल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है ताकि झगड़े की असली वजह का पता लगाया जा सके.
ये भी पढ़ें:- बाथरूम में ऐसी जगह छिपकर बैठा था 6 फीट का कोबरा सांप, फुंकारने की आवाजें सुन डर गए घर वाले; बड़ी मशक्कतों से किया रेस्क्यू