Bihar Cabinet Expansion News: बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी तेज हो गई है. नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण गुरुवार यानी 7 मई को पटना के गांधी मैदान में है. इसके लिए ऐतिहासिक गांधी मैदान में एक बड़ा टेंट लगाया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट के विस्तार में बीजेपी के 15 मंत्रियों को जगह मिलेगी, जबकि जदयू के 14 और मंत्री बनाए जाएंगे. जदयू के दो उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव सरकार में मौजूद हैं. उनको शामिल कर सरकार में जदयू के मंत्रियों की संख्या 16 हो जाएगी.
वहीं सहयोगी दलों के लिए पहले का फॉर्मूला प्रभावी होगा. इसमें चिराग पासवान की पार्टी लोजपा आर से दो, जीतन राम मांझी की पार्टी हम और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से एक-एक मंत्री बनाए जाएंगे.
जदयू से जमां खान भी फिर से बन सकते हैं मंत्री
जदयू से डॉ. अशोक चौधरी, श्रवण कुमार, लेशी सिंह, मदन सहनी, मो. जमां खान आदि के नाम मंत्री पद के लिए तय माने जा रहे हैं, जबकि बीजेपी में मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप जायसवाल, नीतीश मिश्रा, प्रमोद कुमार आदि के नाम प्रमुखता लिस्ट में शामिल हैं. मंत्रिमंडल विस्तार में कुछ नए मंत्रियों को भी शामिल किया जा सकता है.
पीएम मोदी भी होंगे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरागवी ने बताया कि सात मई को गांधी मैदान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होगा. इस शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी शामिल होंगे.
इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पूर्व सीएम और जदयू के प्रमुख नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की. दिल्ली से लौटने के बाद सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार के घर पहुंचे और मुलाकात की. अपने दिल्ली दौरे के दौरान सम्राट चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित एनडीए के कई शीर्ष नेताओं से मुलाकात की थी.
मुख्यमंत्री समेत बिहार में बन सकते हैं कुल 36 मंत्री
बता दें कि बिहार में विधायकों की संख्या के हिसाब से मुख्यमंत्री समेत कुल 36 मंत्री बन सकते हैं. अभी बीजेपी की ओर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जदयू के दो उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी तथा बिजेंद्र प्रसाद यादव हैं.