बेगूसराय में एक महिला संग उसके भतीजे ने दुष्कर्म किया, और जब वह प्रेग्नेंट हो गई, तो आरोपी फरार हो गया. इस अपराध की शिकायत जब महिला ने पंचायत से की, तो पंचायत ने उसे इंसाफ देने की बजाय उससे कथित रूप से थूक चटवाया गया. इस खबर ने लोगों को हैरान कर दिया. चलिए जानते हैं पूरा मामला.
पीड़िता ने क्या आरोप लगाया?
बिहार के बेगूसराय जिले से एक दुष्कर्म पीड़िता के साथ कथित तौर पर पंचायत में अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ दुष्कर्म करने वाला आरोपी रिश्ते में उसका भतीजा है. घटना के बाद जब उसने न्याय की मांग की, तो गांव में पंचायत बुलाई गई. हालांकि, न्याय दिलाने के बजाय पंचायत में उसे कथित रूप से अपमानित किया गया और उससे थूक चटवाया गया.
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि वह गर्भवती है और घटना के बाद से आरोपी फरार है. पीड़िता और उसके परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
इस मामले की जानकारी जब पुलिस को लगी, तो उन्होंने पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जाएगी. साथ ही, पंचायत में पीड़िता के साथ कथित रूप से हुए अपमानजनक व्यवहार की भी जांच की जा रही है. यदि जांच के दौरान आरोप सही पाए जाते हैं, तो इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है. फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है. आरोपी की गिरफ्तारी और जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे.
यह खबर भी पढ़ें: अभिजीत दीपके पाक एजेंट हैं! CJP ने उर्फी जावेद को प्रोटेस्ट में आने के लिए दिए 1 लाख रुपये? इंफ्लुएंसर ने किया चौंकाने वाला दावा