Patna News: बिहार के पटना में बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा हो गया, जब दो महिलाएं रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं. इसी दौरान उस ट्रैक पर न्यू फरक्का एक्सप्रेस गाड़ी पास कर रही थी, जिसके चपेट में दोनों महिलाएं आ गईं और कटकर मौत हो गई. यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है.
फुटेज में दिख रहा है कि जब महिलाएं ट्रैक पार कर रही थीं, तभी न्यू फरक्का एक्सप्रेस बहुत तेज गति से प्लेटफॉर्म से गुजरी. पटरी से प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश के दौरान एक व्यक्ति ने अपना हाथ बढ़ाकर उन महिलाओं को ऊपर खींचने की पूरी कोशिश की, लेकिन ट्रेन इतनी पास आ चुकी थी कि वह उन्हें बचा नहीं सका.
इंजन की चपेट में आकर पटरी पर गिर गईं दोनों महिलाएं
वह व्यक्ति तो किसी तरह प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रहा, लेकिन दोनों महिलाएं इंजन की चपेट में आकर पटरी पर गिर गईं. उन्हें संभलने का एक सेकंड का भी मौका नहीं मिला. जीआरपी ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
महिलाओं के साथ ट्रैक पार करने वाले शख्स की तलाश
जानकारी के मुताबिक ये दोनों महिलाएं बख्तियारपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आई थीं. परिवार में उत्सव का माहौल था, लेकिन इस एक लापरवाही ने सब कुछ मातम में बदल दिया. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है. साथ ही पुलिस उस व्यक्ति की भी तलाश कर रही है, जो महिलाओं के साथ ट्रैक पार कर रहा था, ताकि घटना की पूरी जानकारी मिल सके.
लोगों से रेल अधिकारी ने की ये अपील
रेल अधिकारियों ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि वे कभी भी रेल ट्रैक पार न करें. रेलवे प्रशासन के अनुसार, ट्रैक पार करना न केवल दंडनीय अपराध है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित होता है.