Home > बिहार > Aurangabad electric shock death: करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Aurangabad electric shock death: करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Aurangabad electric shock death: औरंगाबाद के तेतरहट गांव में क्रिकेट खेलते समय खेत में गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है. घटना के बाद ग्रामीणों ने जर्जर बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मुआवजे की मांग की है.

By: Ranjana Sharma | Published: May 5, 2026 6:23:33 PM IST



Aurangabad electric shock death: औरंगाबाद जिले के रिसियप थाना क्षेत्र के तेतरहट गांव में एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई. क्रिकेट खेलते समय खेत में गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया.

क्रिकेट खेलते समय हुआ हादसा

मंगलवार को बारिश के बाद गांव के बच्चे खेत के पास क्रिकेट खेल रहे थे. इसी दौरान नागेंद्र कुमार यादव भी बच्चों के साथ खेलने लगे और खेल के दौरान यह दुखद घटना हो गई. खेलते समय गेंद को पकड़ने के लिए नागेंद्र खेत की ओर दौड़े, जहां पहले से टूटा हुआ बिजली का तार गिरा हुआ था. बारिश के कारण खेत में घास और पानी भरा था, जिससे गिरे हुए बिजली के तार का पता नहीं चल सका और वे अनजाने में उसकी चपेट में आ गए.

मौके पर ही हुई युवक की मौत

करंट लगने से नागेंद्र कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार और गांव में मातम छा गया. मृतक अपने पीछे 9 साल के बेटे हिमांशु और 7 साल की बेटी अवंतिका को छोड़ गए हैं. पिता की असमय मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से साया उठ गया है. ग्रामीणों के अनुसार, नागेंद्र खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. उनकी मौत से परिवार की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है.

जर्जर बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिजली के तार पहले से ही जर्जर हालत में हैं और उनकी अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ. घटना के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है. घटना की जानकारी मिलते ही सांसद अभय कुशवाहा सदर अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी. उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement