Aurangabad news: बिहार के औरंगाबाद जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. युवक का शव रफीगंज थाना क्षेत्र के सिमरा जमशेद गांव के पास एक आम के पेड़ के नीचे बरामद किया गया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
शव की पहचान और बरामदगी
मृतक की पहचान पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के मोर गांव निवासी 31 वर्षीय गोविंद विश्वकर्मा के रूप में हुई है. उसका शव ससुराल से लगभग एक किलोमीटर दूर आम के पेड़ के नीचे मिला. जानकारी के अनुसार, गोविंद अपनी पत्नी के ननिहाल गया जिले के भदईया गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था. 26 अप्रैल को वह वहीं रुका और 27 अप्रैल को काम पर लौटने के लिए निकला था.
गया में करता था फर्नीचर का काम
गोविंद गया में गांधी मैदान के पास एक फर्नीचर दुकान पर काम करता था और वहीं रहकर अपनी आजीविका चलाता था. 27 अप्रैल की शाम को वह दुकान से “10 मिनट में लौटने” की बात कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. देर शाम तक संपर्क न होने पर परिजन चिंतित हो गए. इसी दौरान रफीगंज की ओर जा रहे कुछ छात्रों ने आम के पेड़ के नीचे शव देखा और तुरंत स्थानीय लोगों व परिजनों को सूचना दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक की पत्नी पूनम ने कहा कि गोविंद शराब पीने का आदी था और संभवतः खाली पेट शराब पीने से उसकी मौत हुई. उसने यह भी कहा कि बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब आसानी से मिल जाती है. परिजनों के अनुसार गोविंद की शादी करीब 8 साल पहले पूनम से हुई थी, लेकिन उनके कोई बच्चे नहीं थे. वह अक्सर ससुराल आता-जाता रहता था. रफीगंज थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी. फिलहाल हर एंगल से जांच जारी है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.