Anant Singh Convoy Accident News: बिहार के मोकामा विधानसभा सीट से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए. एक शादी समारोह से लौटने के दौरान बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना अंतर्गत सबनिमा पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ. उनके काफिले की कई गाड़ियां फोरलेन किनारे खड़े ट्रक से टकरा गईं, जिसमें चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं.
इस हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है और अनंत सिंह जिस गाड़ी में सवार थे, वह भी बच गया. अनंत सिंह मोकामा विधानसभा के बादपुर गांव में एक शादी समारोह से काफिला के साथ पटना लौट रहे थे.
चार गाड़ियां हुईं क्षतिग्रस्त
उनका काफिला फोरलेन से काफी तेजी से गुजर रहा था. तभी सबनिमा पेट्रोल पंप के पास उनके काफिले की एक गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. ट्रक से टकराने के बाद उनके काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिसमें चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं.
हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और काफिला वहां रुका रहा. कुछ देर घटनास्थल पर रुकने के बाद अनंत सिंह का काफिला पटना के लिए रवाना हो गया.
पुलिस ने क्या बताया?
अथमलगोला थाना अध्यक्ष राहुल कुमार नवनीत ने बताया कि अनंत सिंह के काफिला का गाड़ी आपस में टकरा गई, जिससे चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं हालांकि, जान माल की क्षति नही हुई है. अनंत सिंह की गाड़ी का दुर्घटना नही हुआ है. क्षतिग्रस्त गाड़ी को फोरलेन किनारे कर दिया गया है और आवागमन बाधित नही हुई है.
बता दें कि विधायक अनंत सिंह हमेशा चर्चा में बने रहते हैं. उनके बयान सोशल मीडिया मीडिया पर वायरल होते रहते हैं. हाल ही में वे जेल से छूटकर बाहर आए हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या के आरोप में अनंत सिंह जेल गए थे.