Bankipur upchunav 2026 live updates: बिहार में बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आज (30 जुलाई) को मतदान हो रहा है. सुबह 7 बजे से वोट डाले जा रहे हैं. बांकीपुर उपचुनाव में कुल 25 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता करेंगे. इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर, राजद की उम्मीदवार रेखा गुप्ता और एनडीए समर्थित बीजेपी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के बीच माना जा रहा है.
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों और बिहार पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है. प्रशासन के अनुसार, मतदान केंद्रों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की 14 कंपनियां लगाई गई हैं. इनमें 9 प्लाटून स्वायड, 18 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 6 वीडियो सर्विलांस टीम, 3 वीडियो व्यूइंग टीम और 42 सेक्टर पदाधिकारी शामिल हैं.
इसके अलावा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान केंद्र के आसपास किसी भी प्रकार की भीड़ या अनावश्यक गतिविधि की अनुमति नहीं होगी.
मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. नगर निगम की ओर से 1,266 कर्मियों की तैनाती की गई है, जो साफ-सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करेंगे. मतदान केंद्रों पर दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.
बता दें कि तीन अगस्त को मतगणना होगी. मतगणना के लिए बोरिंग रोड स्थित एएन कॉलेज में केंद्र बनाया गया है. इससे पहले चुनाव प्रचार मंगलवार शाम समाप्त हुआ था.
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इस बार बांकीपुर में सिर्फ़ 35% वोटिंग हुई. 2025 में यह 41% था. उपचुनाव में वोटिंग 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से 6% कम थी. बांकीपुर के लोगों ने ज़्यादा उत्साह नहीं दिखाया.
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्राथमिक विद्यालय चकराम स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला.
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में 11 बजे तक लगभग 11.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. सुबह 7 बजे से वोटिंग हो रही है.
RJD सांसद संजय यादव ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पर कहा, "भाजपा की जन विरोधी नीतियों से आम जनता त्रस्त है. भाजपा ने बिहार के युवाओं को 1 करोड़ नौकरी का वादा किया था, महिलाओं को 2 लाख रुपये देने का वादा किया था जिसकी शुरुआती भूमि 10 हजार रुपये देकर चुनाव के समय बनाई थी. एक साल होने को है लेकिन अब तक कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया है. इसलिए इस बार बांकीपुर की जनता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट से भाजपा को हरा रही है और राजद की रेखा गुप्ता के पक्ष में आक्रामक तौर पर वोट दे रही है."
जन-सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने कहा, "यहां बूथ नंबर 143 पर EVM बदलने की बात सामने आ रही हैं. अभी अधिकारी से मेरी बात हुई. उन्होंने आश्वस्त किया है कि जो EVM पहले था, उसमें 53 वोट पड़े थे जिन्हें नोट कर लिया गया है. मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि आप शांतिपूर्वक मतदान करें. यहां जो अधिकारी हैं, वो आपकी मदद के लिए हैं. जब वे लोग गलत नहीं कर रहे तो आपको शोर या हंगामा नहीं करना चाहिए. आप लोगों को ज्यादा से ज्यादा शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करना चाहिए. EVM खराब हो गया था, जिसे तकनीकि आधार पर बदला जा रहा है."