vastu Tips: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ज्यादातर लोग नौकरी, पढ़ाई या कारोबार की वजह से किराए के मकान में रहते हैं. कई लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि क्या वास्तु शास्त्र सिर्फ अपने घर के लिए ही जरूरी होता है? तो जवाब है नहीं. वास्तु के कुछ आसान नियम किराए के घर में भी अपनाए जा सकते हैं, जिससे घर का वातावरण शांत, सकारात्मक और खुशहाल बना रहता है.
सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए घर में किसी तरह की बड़ी तोड़फोड़ या बदलाव की जरूरत नहीं पड़ती. छोटी-छोटी आदतें और सही दिशा का ध्यान रखकर भी आप अपने घर की ऊर्जा को बेहतर बना सकते हैं. आइए जानते हैं किराए के घर के लिए कुछ बेहद आसान लेकिन असरदार वास्तु उपाय.
घर में प्रवेश करने से पहले करें ये काम
जब भी नए किराए के घर में जाएं तो सबसे पहले पूरे घर की अच्छी तरह सफाई करें. वास्तु मान्यताओं के अनुसार गंदगी और बिखरा हुआ सामान नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाता है. कोशिश करें कि घर में बेकार, टूटी हुई या लंबे समय से इस्तेमाल न होने वाली चीजें जमा न हों.ऐसा माना जाता है कि साफ और व्यवस्थित घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बेहतर होता है, जिससे मानसिक शांति बनी रहती है.
मुख्य दरवाजा बना सकता है माहौल
वास्तु शास्त्र में मुख्य द्वार को घर की ऊर्जा का प्रवेश द्वार माना गया है. इसलिए दरवाजे को हमेशा साफ-सुथरा और रोशन रखें. कई लोग दरवाजे पर स्वास्तिक, ॐ या शुभ-लाभ जैसे चिन्ह लगाते हैं, जिन्हें शुभ माना जाता है.अगर संभव हो तो मुख्य दरवाजे के पास हल्की रोशनी जरूर रखें. मान्यता है कि इससे घर में सकारात्मकता बनी रहती है.
छोटा पूजा कोना भी होता है काफी
किराए के घर में बड़ा मंदिर बनाना जरूरी नहीं होता. एक छोटा सा साफ-सुथरा पूजा स्थान भी घर में शांति और सकारात्मक माहौल बनाए रखने में मदद कर सकता है.वास्तु के अनुसार उत्तर-पूर्व दिशा यानी ईशान कोण पूजा के लिए सबसे शुभ माना जाता है. पूजा करते समय अगर आपका चेहरा पूर्व या उत्तर दिशा की तरफ हो तो इसे अच्छा माना जाता है.
सोते समय दिशा का असर
वास्तु मान्यताओं में सोने की दिशा को भी महत्वपूर्ण माना गया है. कहा जाता है कि दक्षिण या पूर्व दिशा में सिर रखकर सोने से अच्छी नींद और मानसिक संतुलन बना रहता है.वहीं उत्तर दिशा में सिर करके सोना कई लोग अशुभ मानते हैं. इसलिए बेड की दिशा तय करते समय इस बात का ध्यान रखना बेहतर माना जाता है.
रसोई में न करें ये गलती
किराए के घर में रसोई हर बार वास्तु के अनुसार नहीं होती, लेकिन कुछ छोटी बातों का ध्यान रखा जा सकता है. जैसे गैस चूल्हे के बिल्कुल पास पानी से भरे बर्तन न रखें. वास्तु में अग्नि और जल तत्व के बीच संतुलन को जरूरी माना गया है.इसके अलावा अगर घर में कहीं नल टपक रहा हो या पानी लीकेज हो रही हो तो उसे जल्दी ठीक करवाना चाहिए. इसे आर्थिक नुकसान और तनाव से जोड़कर देखा जाता है.
घर में पौधे लगाने से बढ़ती है पॉजिटिव एनर्जी
हरे पौधे घर को खूबसूरत बनाने के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने का काम भी करते हैं. खासतौर पर तुलसी का पौधा बेहद शुभ माना जाता है. कहा जाता है कि इससे घर का वातावरण शांत और पवित्र बना रहता है.हालांकि कांटेदार पौधों को घर के अंदर रखने से बचने की सलाह दी जाती है क्योंकि इन्हें तनाव और नकारात्मकता से जोड़कर देखा जाता है.