Saturn Retrograde 2026: वैदिक ज्योतिष में शनि ग्रह को कर्म, न्याय और अनुशासन का कारक माना जाता है. जब भी शनि अपनी चाल बदलते हैं तो उसका प्रभाव लंबे समय तक देखने को मिलता है. इस बार 27 जुलाई से शनि देव मीन राशि में वक्री होने जा रहे हैं, यानी उनकी उल्टी गति शुरू होगी. यह स्थिति 11 दिसंबर तक बनी रहेगी. इसी बीच 30 जुलाई से भगवान शिव को समर्पित सावन माह का भी आरंभ हो रहा है. ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार शनि की वक्री चाल और सावन के संयोग का असर कई राशियों पर अलग-अलग रूप में दिखाई दे सकता है. हालांकि चार राशियों के लिए यह समय अपेक्षाकृत अधिक चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है. इन राशियों को नौकरी, व्यापार, धन और पारिवारिक मामलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है.
मेष राशि: कार्यस्थल पर बढ़ सकता है दबाव
मेष राशि के जातकों के लिए वक्री शनि कार्यक्षेत्र में चुनौतियां बढ़ाने का संकेत दे रहा है. नौकरीपेशा लोगों की जिम्मेदारियां अचानक बढ़ सकती हैं, जिससे मानसिक दबाव महसूस हो सकता है. वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचारों में मतभेद होने की आशंका भी बनी रह सकती है. व्यापार से जुड़े लोगों को इस दौरान नए निवेश और बड़े आर्थिक फैसलों में जल्दबाजी से बचने की सलाह दी जा रही है. धन फंसने या अपेक्षित लाभ न मिलने की स्थिति बन सकती है. किसी भी प्रकार के विवाद, बहस या टकराव से दूर रहना बेहतर रहेगा. धैर्य और संयम के साथ लिए गए निर्णय भविष्य में लाभदायक साबित हो सकते हैं.
कर्क राशि: बढ़ते खर्च और पारिवारिक तनाव कर सकते हैं परेशान
कर्क राशि के जातकों के लिए शनि की वक्री चाल आर्थिक मामलों में सावधानी बरतने का संकेत दे रही है. अचानक बढ़ने वाले खर्च घरेलू बजट को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे वित्तीय दबाव महसूस हो सकता है. पारिवारिक जीवन में भी कुछ मामलों को लेकर मतभेद या तनाव की स्थिति बन सकती है. ऐसे समय में बातचीत और समझदारी से रिश्तों को संभालना जरूरी रहेगा. स्वास्थ्य के मामले में लापरवाही नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए नियमित जांच और सावधानी बरतना लाभकारी होगा. वाहन चलाते समय भी अतिरिक्त सतर्कता रखने की सलाह दी जा रही है.
मकर राशि: व्यापारिक फैसलों में जल्दबाजी पड़ सकती है भारी
मकर राशि के जातकों के लिए वक्री शनि परीक्षा की घड़ी लेकर आ सकता है. व्यापार से जुड़े लोगों को ऐसे प्रस्ताव मिल सकते हैं जो देखने में लाभदायक लगें, लेकिन उनके परिणाम उम्मीद के अनुरूप न हों. कई महत्वपूर्ण सौदे अंतिम समय में अटक सकते हैं. साझेदारी वाले कारोबार में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी. किसी को धन उधार देने या बिना जांच-पड़ताल के आर्थिक निर्णय लेने से बचना बेहतर रहेगा. इस अवधि में वाणी पर नियंत्रण रखना और हर कदम सोच-समझकर उठाना लाभकारी साबित हो सकता है. धैर्य के साथ किया गया काम भविष्य में बेहतर परिणाम दे सकता है.
मीन राशि: मानसिक तनाव और कार्यों में देरी बढ़ा सकती है चिंता
मीन राशि में ही शनि वक्री होने जा रहे हैं, इसलिए इस राशि के जातकों पर इसका प्रभाव अधिक महसूस हो सकता है. कई महत्वपूर्ण कार्य अंतिम समय में अटक सकते हैं या उनमें अपेक्षा से अधिक देरी हो सकती है. इससे मानसिक तनाव और निराशा की स्थिति बन सकती है. अनिद्रा, बेचैनी और अनजाने भय जैसी भावनाएं भी इस दौरान परेशान कर सकती हैं. किसी भी प्रकार के नए निवेश से बचने और आर्थिक मामलों में सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. कोर्ट-कचहरी या कानूनी विवादों से जुड़े मामलों में भी सोच-समझकर कदम उठाना बेहतर माना गया है.
सावन में क्यों बढ़ जाता है शनि के प्रभाव का महत्व?
ज्योतिष शास्त्र में सावन माह को भगवान शिव की उपासना के लिए सबसे पवित्र समय माना गया है. मान्यता है कि इस दौरान शिव आराधना, महामृत्युंजय मंत्र का जाप, दान-पुण्य और धार्मिक कार्य करने से ग्रहों के अशुभ प्रभावों में कमी आती है. शनि की वक्री चाल के दौरान भी धैर्य, अनुशासन और कर्म पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी जाती है. ज्योतिषविदों का मानना है कि जल्दबाजी से बचकर और सोच-समझकर लिए गए निर्णय इस अवधि की चुनौतियों को काफी हद तक कम कर सकते हैं.