July 2026 Raja Yoga: कल से जुलाई का महीना शुरू होने जा रहा है और ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार यह महीना सामान्य नहीं माना जा रहा. इस महीने ग्रहों और नक्षत्रों की विशेष स्थिति के कारण कई दुर्लभ और प्रभावशाली योगों का निर्माण हो रहा है. हंस राजयोग, भद्र राजयोग, गजकेसरी राजयोग, नवपंचम राजयोग, गुरु आदित्य योग, दशांक योग और व्यतिपात योग जैसे शुभ संयोग अलग-अलग तिथियों पर बनेंगे, जिनका प्रभाव विभिन्न राशियों के जीवन पर देखने को मिल सकता है.
हंस राजयोग से बढ़ेगा ज्ञान, भाग्य और वैभव
देवगुरु बृहस्पति की विशेष स्थिति के कारण जुलाई में हंस राजयोग का प्रभाव बना रहेगा. ज्योतिष में गुरु को ज्ञान, भाग्य, सुख और समृद्धि का कारक माना जाता है. हंस राजयोग बनने से शिक्षा, करियर, आध्यात्मिक उन्नति और सम्मान के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना रहती है. यह योग व्यक्ति को निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक प्रतिष्ठा भी प्रदान करता है.
7 जुलाई को बनेगा भद्र महापुरुष राजयोग
वाणी, बुद्धि और व्यापार के कारक ग्रह बुध 7 जुलाई को अपनी स्वराशि मिथुन में प्रवेश करेंगे. बुध के अपनी ही राशि में रहने से भद्र महापुरुष राजयोग का निर्माण होगा. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार यह योग विशेष रूप से व्यापार, संचार, मीडिया, लेखन, मार्केटिंग और नेटवर्किंग से जुड़े लोगों के लिए लाभकारी माना जाता है. इस दौरान नए अवसर मिलने और आर्थिक स्थिति मजबूत होने के संकेत मिल सकते हैं
गजकेसरी राजयोग दिला सकता है मान-सम्मान और धन लाभ
जुलाई महीने में चंद्रमा और गुरु की युति से गजकेसरी राजयोग का निर्माण भी होगा. यह योग ज्योतिष में अत्यंत शुभ माना जाता है. इसके प्रभाव से व्यक्ति को पद-प्रतिष्ठा, सामाजिक सम्मान और आकस्मिक धन लाभ के अवसर मिल सकते हैं. कई लोगों के रुके हुए कार्य भी इस दौरान गति पकड़ सकते हैं. जुलाई 2026 में गुरु ग्रह और वरुण ग्रह के बीच बनने वाला विशेष कोण नवपंचम दृष्टि योग का निर्माण करेगा. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार यह योग जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला माना जाता है. लंबे समय से अटके कार्यों में प्रगति हो सकती है और नई योजनाओं को गति मिलने की संभावना रहेगी.
महीने की शुरुआत में बनेगा दशांक योग
जुलाई की शुरुआत यानी 1 जुलाई को सूर्य और अरुण ग्रह की विशेष स्थिति से दशांक योग का निर्माण होगा. इस योग को पारिवारिक सुख, आर्थिक राहत और मानसिक संतुलन प्रदान करने वाला माना जाता है. परिवार से जुड़े मामलों में सकारात्मक परिणाम देखने को मिल सकते हैं.
इन राशियों पर रहेगा शुभ योगों का विशेष प्रभाव
- वृषभ राशि: वृषभ राशि के जातकों के लिए जुलाई का महीना राहत और प्रगति लेकर आ सकता है. लंबे समय से रुके हुए कार्य पूरे होने लगेंगे. परिवार में सुखद वातावरण बना रहेगा और संतान से जुड़ी चिंताओं में कमी आ सकती है. आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में मजबूत होने के संकेत हैं.
- कर्क राशि: कर्क राशि वालों के लिए जुलाई कई शुभ अवसर लेकर आ सकता है. पारिवारिक जीवन में खुशियां बढ़ेंगी. विद्यार्थियों को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं. पुराने निवेश से लाभ मिलने के योग भी बन रहे हैं.
- तुला राशि: तुला राशि के अविवाहित जातकों के लिए विवाह या नए रिश्ते के प्रस्ताव आने की संभावना है. नौकरीपेशा लोगों को करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं. घर के बड़े-बुजुर्गों की सेहत में सुधार और मानसिक शांति का अनुभव हो सकता है.
- वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि के लोगों को कार्यक्षेत्र में अपनी मेहनत का सकारात्मक परिणाम मिल सकता है. वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा. नई जिम्मेदारियां मिलने के साथ प्रमोशन के अवसर भी बन सकते हैं. आय के नए स्रोत बनने और रुका हुआ धन वापस मिलने के संकेत हैं.
व्यापार और करियर में मिल सकता है बड़ा लाभ
चंद्रमा के गोचर और गुरु की शुभ दृष्टि का लाभ कई लोगों को मिलेगा. व्यापार में नई साझेदारियां बनने, कारोबार के विस्तार और करियर में प्रदर्शन बेहतर होने की संभावना है. समाज और कार्यक्षेत्र में प्रतिष्ठा बढ़ सकती है और नई उपलब्धियां हासिल हो सकती हैं.