18
Budhwar Ke Upay: हिंदू धर्म में बुधवार का दिन भगवान गणेश की आराधना के लिए समर्पित माना जाता है. गणपति बप्पा को विघ्नहर्ता कहा जाता है, जो भक्तों के जीवन से बाधाएं दूर कर सुख, समृद्धि और सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं. ज्योतिष शास्त्र में भी बुधवार का संबंध बुध ग्रह से माना गया है, जो बुद्धि, वाणी, व्यापार और तर्क क्षमता के कारक हैं.
मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और नियमपूर्वक गणेश जी की पूजा करने से करियर, कारोबार, शिक्षा और आर्थिक मामलों में सकारात्मक परिणाम मिलने लगते हैं. आइए जानते हैं बुधवार को किए जाने वाले 4 ऐसे उपाय, जिन्हें बेहद शुभ माना गया है.
करियर में तरक्की के लिए करें यह उपाय
यदि मेहनत के बावजूद नौकरी में प्रमोशन नहीं मिल रहा है या कार्यक्षेत्र में बार-बार रुकावटें आ रही हैं, तो बुधवार के दिन भगवान गणेश की विशेष पूजा करें. पूजा के दौरान 21 दूर्वा को गंगाजल से शुद्ध करके गणेश जी को अर्पित करें.इसके बाद “ॐ गं गणपतये नमः” मंत्र का कम से कम 108 बार जाप करें. साथ ही गाय को हरी घास खिलाना भी शुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह उपाय करियर में उन्नति के नए अवसर खोल सकता है.
व्यापार में सफलता पाने के लिए
अगर कारोबार में लगातार नुकसान हो रहा है या कोई बड़ी डील फाइनल नहीं हो पा रही है, तो बुधवार को गणेश जी का अभिषेक दूर्वा मिश्रित जल से करें. इसके बाद उन्हें सिंदूर अर्पित करें और अपनी मनोकामना व्यक्त करें.पूजा के दौरान इस मंत्र का 51 बार जाप करें-
वक्रतुण्ड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभ.
निर्विघ्नं कुरु मे देव सर्वकार्येषु सर्वदा॥
मान्यता है कि इससे व्यापार में आने वाली बाधाएं दूर होने लगती हैं.
सौभाग्य बढ़ाने के लिए करें यह काम
कई बार व्यक्ति पूरी मेहनत करता है, लेकिन भाग्य उसका साथ नहीं देता. ऐसे में बुधवार की सुबह भगवान गणेश को सिंदूर मिश्रित जल अर्पित करें और 21 दूर्वा चढ़ाएं.पूजा के बाद गणेश जी को अर्पित सिंदूर का तिलक अपने माथे पर लगाएं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह उपाय नकारात्मकता को दूर कर सौभाग्य में वृद्धि करता है और रुके हुए कार्य पूरे होने लगते हैं.
दिन को शुभ बनाने के लिए अपनाएं यह आसान उपाय
बुध ग्रह का संबंध हरे रंग से माना जाता है. इसलिए बुधवार को हरे रंग के वस्त्र पहनना शुभ माना जाता है. यदि हरे कपड़े पहनना संभव न हो, तो जेब में हरा रुमाल रख सकते हैं.मान्यता है कि इससे बुध ग्रह के शुभ प्रभाव प्राप्त होते हैं और दिनभर सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है. इस दिन काले रंग के कपड़ों से परहेज करने की भी सलाह दी जाती है.
Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियों का हम यह दावा नहीं करते कि ये जानकारी पूर्णतया सत्य एवं सटीक है. पाठकों से अनुरोध है कि इस लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें. Inkhabar इसकी सत्यता का दावा नहीं करता है.