14
Bada Mangal 2026 Upay: ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल का सनातन धर्म में विशेष महत्व माना जाता है. इस वर्ष 2 जून को पड़ने वाले पांचवें बड़े मंगल पर भक्त पूरे विधि-विधान से बजरंगबली की पूजा-अर्चना के साथ ही कुछ उपायों को भी करना चाहिए जो हमारा भाग्य बदल सकते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन हनुमान जी को सिंदूर और लाल चोला अर्पित करने से जीवन के कई कष्ट दूर होते हैं और साधक को विशेष कृपा प्राप्त होती है.
क्यों चढ़ाया जाता है हनुमान जी को सिंदूर?
पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार हनुमान जी ने माता सीता को मांग में सिंदूर लगाते देखा. जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो माता सीता ने बताया कि इससे भगवान श्रीराम की आयु और सौभाग्य में वृद्धि होती है. यह सुनकर हनुमान जी ने प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी भक्ति प्रकट करने के लिए पूरे शरीर पर सिंदूर लगा लिया. तभी से हनुमान जी को सिंदूर और चोला चढ़ाने की परंपरा शुरू हुई.
सिंदूर और चोला अर्पित करने से मिलते हैं ये लाभ
- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, बड़े मंगल के दिन हनुमान जी को सिंदूर और लाल चोला अर्पित करने से जीवन में आ रही बाधाएं दूर होने लगती हैं. रुके हुए कार्यों में गति आती है और व्यक्ति को सफलता के नए अवसर प्राप्त होते हैं.
- मान्यता है कि इस उपाय से भय, तनाव और मानसिक अशांति कम होती है. साथ ही आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और नकारात्मक विचारों से राहत मिलती है.
- ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, हनुमान जी की कृपा से शनि की साढ़ेसाती और ढैय्या के अशुभ प्रभाव भी कम होते हैं. इसके अलावा आर्थिक परेशानियां दूर होने लगती हैं और कर्ज संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की संभावना बढ़ती है.
बड़े मंगल पर रखें इन बातों का ध्यान
बड़े मंगल के दिन सुबह व शाम स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें और हनुमान मंदिर में जाकर पूजा करें. पूजा के दौरान सिंदूर, चमेली का तेल, लाल फूल और चोला अर्पित करना शुभ माना जाता है.इस दिन काले रंग के वस्त्र पहनने से बचना चाहिए. किसी भी प्रकार के विवाद, क्रोध और नकारात्मक सोच से दूरी बनाए रखें. घर और मंदिर की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें तथा तामसिक भोजन का सेवन न करें.हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और बजरंग बाण का पाठ करने से भी विशेष पुण्य फल प्राप्त होने की मान्यता है.
Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियों का हम यह दावा नहीं करते कि ये जानकारी पूर्णतया सत्य एवं सटीक है. पाठकों से अनुरोध है कि इस लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें. Inkhabar इसकी सत्यता का दावा नहीं करता है.