Kutch Road Accident: गुजरात के कच्छ जिले के खावड़ा आरई पार्क के पास मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 7 श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ, जब कामदारी बोलेरो और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो में 15 से ज्यादा श्रमिक सवार थे, जो कार्यस्थल पर जा रहे थे. टक्कर के बाद वाहन में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में कुल 22 लोगों के घायल होने की सूचना मिली है, जिन्हें तत्काल जी.के. जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
पुलिस अधीक्षक ने ली घायलों की स्थिति की जानकारी
पश्चिम कच्छ के पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली. विकास सुंडा ने बताया- “हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.” कच्छ कलेक्टर अनिल राणावसिया भी अस्पताल पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए.
दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास जारी
हादसे में जान गंवाने वाले सभी श्रमिकों के शवों को खावड़ा से भुज पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं. बताया गया कि आरई पार्क क्षेत्र में इस तरह का यह पहला बड़ा हादसा है.
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है.