Air India Flight Bomb Threat Today: सऊदी अरब के दम्मम से सोमवार को नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट की ‘बम’ की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. फ्लाइट में विमान में 32 यात्री सवार थे. ‘जी’ डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) वी.एन. यादव ने बताया कि चालक दल के सदस्य को धमकी वाला संदेश मिलने के बाद पायलटों ने दिल्ली जा रहे विमान का रुख मोड़कर उसे अहमदाबाद ले जाने का फैसला किया.
एसीपी ने बताया, “एक क्रू सदस्य को एक टिश्यू पेपर मिला, जिस पर ‘बम’ लिखा हुआ था. इसके बाद विमान शाम करीब 4:30 बजे अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया.” उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की पूरी तरह जांच की और उन्हें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला.
विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं. उन्होंने कहा कि यात्रियों को अहमदाबाद हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 में ठहराया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है.
वहीं एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक एडी चावड़ा ने बताया कि एयर इंडिया की फ्लाइट IX 170 ने आज शाम 4:30 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की. फ्लाइट में मौजूद छह क्रू में से एक को ‘Bomb Red 4.30’ लिखा एक संदिग्ध पेज मिला. इसके बाद चालक दल ने पायलट को जानकारी दी. पायलट ने उच्च अधिकारियों को सूचित किया और विमान की तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई.
कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
उन्होंने बताया कि फ्लाइट में सवार 32 यात्रियों को एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया. एयरपोर्ट पुलिस निरीक्षक एडी चावड़ा के अनुसार, फ्लाइट के सभी यात्रियों और क्रू के सामान की जांच की जा रही है. अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है.
पुलिस ने बताया कि यात्रियों और क्रू मेंबर्स की हैंडराइटिंग से उस पेज की तुलना की जा रही है, साथ ही उनसे पूछताछ भी की जा रही है. एयर इंडिया स्टाफ ने एयरपोर्ट थाना में मामला दर्ज कराया है. मामले की जांच फिलहाल जारी है.