Home > ओडिशा > Odisha: VIMSAR के इस्टैब्लिशमेंट ऑफिसर पर विजिलेंस का बड़ा शिकंजा, 20 प्लॉट, दो मकान, 19.72 लाख रुपये नकद सहित करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

Odisha: VIMSAR के इस्टैब्लिशमेंट ऑफिसर पर विजिलेंस का बड़ा शिकंजा, 20 प्लॉट, दो मकान, 19.72 लाख रुपये नकद सहित करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

Odisha Latest News: विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, संबलपुर के धनकौड़ा क्षेत्र में लगभग 1,650 वर्गफुट में निर्मित एक दोमंजिला आवासीय भवन मिला है. इसके अलावा गुडेसिंगा इलाके में एक अन्य भवन की भी पहचान की गई है.

By: Hasnain Alam | Published: June 30, 2026 5:40:39 PM IST



Odisha News: आय से अधिक संपत्ति (डीए) मामले में वीर सुरेन्द्र साई आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान (VIMSAR), बुर्ला के स्थापना अधिकारी-सह-कार्यालय अधीक्षक (Establishment officer-cum-office Superintendent ) धनुर्धर बिस्वाल के खिलाफ ओडिशा विजिलेंस की कार्रवाई तेज हो गई है. विभिन्न ठिकानों पर जारी तलाशी अभियान के दौरान अब तक बड़ी मात्रा में चल और अचल संपत्तियों का पता चला है. शुरुआती जांच में दो भवन, 20 प्लॉट, 19.72 लाख रुपये से अधिक नकद, हाइवा ट्रक, कार, ट्रैक्टर और अन्य संपत्तियां सामने आई हैं.

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, संबलपुर के धनकौड़ा क्षेत्र में लगभग 1,650 वर्गफुट में निर्मित एक दोमंजिला आवासीय भवन मिला है. इसके अलावा गुडेसिंगा इलाके में एक अन्य भवन की भी पहचान की गई है. इन दोनों भवनों के साथ-साथ संबलपुर शहर के बाहरी इलाकों में स्थित 20 मूल्यवान भूखंडों का भी पता चला है. तकनीकी विशेषज्ञ इन सभी संपत्तियों का माप और बाजार मूल्य का आकलन कर रहे हैं.

सोने के आभूषणों का वजन और मूल्यांकन जारी

तलाशी के दौरान अधिकारियों ने 19,72,490 रुपये नकद भी बरामद किए हैं. इसके अलावा मिले सोने के आभूषणों का वजन और मूल्यांकन जारी है. बैंक खातों, डाकघर जमा योजनाओं, बीमा पॉलिसियों तथा अन्य वित्तीय निवेशों की भी जांच की जा रही है, ताकि कुल संपत्ति का वास्तविक आकलन किया जा सके.

जांच के दौरान बिस्वाल और उनके परिवार से जुड़े एक हाइवा ट्रक, रेनॉल्ट काइगर कार, दो ट्रैक्टर तथा तीन दोपहिया वाहन भी सामने आए हैं. इन वाहनों के स्वामित्व और खरीद से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है.

तलाशी अभियान अभी जारी

विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद संपत्तियों का कुल मूल्य, बैंक जमा, निवेश और अन्य बरामदगी का विस्तृत ब्यौरा सार्वजनिक किया जाएगा.

माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ संपत्तियों का दायरा और बढ़ सकता है. फिलहाल विजिलेंस की कार्रवाई जारी है और मामले में आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

अक्षय महाराणा की रिपोर्ट

Tags:
Advertisement