Home > ओडिशा > Odisha: समुद्र की मिट्टी के नीचे दबा मंदिर आया बाहर, पुरानी बस्ती के समंदर में समाने की कहानी आई सामने

Odisha: समुद्र की मिट्टी के नीचे दबा मंदिर आया बाहर, पुरानी बस्ती के समंदर में समाने की कहानी आई सामने

Odisha News: बताया जा रहा है कि दिखाई दे रहा हिस्सा स्थानीय गंगादेवी मंदिर का है. स्थानीय जानकारी के अनुसार, यह मंदिर करीब 20 से 25 वर्ष पुराना है. बताया जाता है कि मंदिर पूरी तरह स्थापित और प्रतिष्ठित होने से पहले ही समुद्र में समा गया था.

By: Hasnain Alam | Published: September 2, 2026 8:16:51 PM IST



Odisha News: ओडिशा के गंजाम जिले के पुराने पोड़मपेटा समुद्र तट पर समुद्र की मिट्टी के नीचे दबा एक मंदिर का हिस्सा फिर से दिखाई देने लगा है. मंदिर के शिखर का कुछ हिस्सा नजर आने के बाद यह इलाका स्थानीय लोगों के लिए कौतूहल का केंद्र बन गया है. आसपास के लोग मंदिर के इस हिस्से को देखने के लिए समुद्र तट पर पहुंच रहे हैं.

बताया जा रहा है कि दिखाई दे रहा हिस्सा स्थानीय गंगादेवी मंदिर का है. स्थानीय जानकारी के अनुसार, यह मंदिर करीब 20 से 25 वर्ष पुराना है. बताया जाता है कि मंदिर पूरी तरह स्थापित और प्रतिष्ठित होने से पहले ही समुद्र में समा गया था.

समुद्र की चपेट में आ गया था पुरानी बस्ती का बड़ा हिस्सा

स्थानीय लोगों के अनुसार, कभी इस इलाके में अच्छी-खासी बस्ती हुआ करती थी. यहां बड़ी संख्या में घर मौजूद थे. लेकिन, समय के साथ समुद्र का पानी और तेज लहरें लगातार आगे बढ़ती गईं. इसके चलते धीरे-धीरे कई घर समुद्र में समाते चले गए और अंततः पुरानी बस्ती का बड़ा हिस्सा समुद्र की चपेट में आ गया.

अब समुद्र का ज्वार कुछ पीछे हटने के बाद मिट्टी के नीचे दबे मंदिर का शिखर फिर से दिखाई देने लगा है. समुद्र तट पर मंदिर का हिस्सा नजर आने के बाद लोगों में इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है.

गंगादेवी मंदिर का दिखाई दे रहा हिस्सा बना आकर्षण का केंद्र

जिस जगह पर आज समुद्र दिखाई देता है, वहां कभी लोगों की जिंदगी और बस्ती हुआ करती थी. समुद्र के लगातार बढ़ते प्रभाव के कारण समय के साथ इस इलाके का पूरा स्वरूप बदल गया.

फिलहाल गंगादेवी मंदिर का दिखाई दे रहा हिस्सा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. समुद्र के नीचे दबे मंदिर के बाकी हिस्से और इससे जुड़ी पुरानी संरचनाओं की तलाश जारी है. स्थानीय लोगों के लिए यह दृश्य समुद्र के बदलते स्वरूप और कभी यहां मौजूद रही बस्ती की कहानी को एक बार फिर सामने ला रहा है.

(ओडिशा से अक्षय महाराणा की रिपोर्ट)

Tags:
Advertisement