Odisha Crime: ओडिशा के खुर्दा जिले के बाणपुर थाना क्षेत्र में चोरी के संदेह को लेकर एक युवक के साथ कथित रूप से की गई मारपीट का मामला सामने आया है. गंभीर रूप से घायल युवक की बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है. मृतक की पहचान भीमपुर गांव के बघुआपदार साही निवासी 32 वर्षीय तोफान नायक के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, 28 जून की शाम वह किसी निजी कार्य से खानात गांव गया था. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उस पर चोरी का शक जताया. आरोप है कि उसे गांव के एक बिजली के खंभे से बांध दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई.
पुलिस ने युवक को मुक्त कराया
घटना की सूचना मिलने पर 112 आपातकालीन सेवा और बाणपुर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने युवक को वहां से मुक्त कराया और पूछताछ के लिए थाने ले गई. बाद में परिजनों द्वारा आवश्यक लिखित प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उनके सुपुर्द कर दिया गया.
परिजनों का कहना है कि मारपीट के कारण तोफान को अंदरूनी गंभीर चोटें आई थीं. उनका आरोप है कि घर लौटने के कुछ घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे खून की उल्टियां होने लगीं.
अगले दिन सुबह उसे पहले बाणपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर रेफर कर दिया. कैपिटल हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
मृतक की पत्नी सस्मिता नायक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया. जांच के दौरान खानात गांव के पवित्र राउत (51) और शरत कुमार स्वाईं (60) को गिरफ्तार किया गया है.
खुर्दा के एसपी स्मिथ परमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरी के संदेह में कुछ लोगों द्वारा युवक के साथ मारपीट की गई थी. सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया था. उस समय उसकी स्थिति सामान्य बताई गई थी.
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने लिखित रूप से यह भी उल्लेख किया था कि तोफान मानसिक रूप से कमजोर था, जिसके बाद उसे परिवार के साथ भेज दिया गया. बाद में उसकी तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया मामला
बाणपुर थाना में इस संबंध में केस संख्या 254/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 103(1), 3(5) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में अन्य लोगों की भी भूमिका थी या नहीं. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
अक्षय महाराणा की रिपोर्ट