Home > ओडिशा > Odisha: जगतसिंहपुर में बड़ा हादसा, देसी पटाखे बनाते समय भीषण विस्फोट, पिता-पुत्र की मौत; 3 घायल

Odisha: जगतसिंहपुर में बड़ा हादसा, देसी पटाखे बनाते समय भीषण विस्फोट, पिता-पुत्र की मौत; 3 घायल

Odisha News: जानकारी के अनुसार, मनोरंजन स्वाईं का परिवार पटाखे बनाने और बेचने के काम में शामिल था. विस्फोट के बाद घर के अंदर कुछ पटाखे भी मिले हैं. हालांकि, धमाका किस वजह से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

By: Hasnain Alam | Published: October 9, 2026 7:53:05 PM IST



Odisha News: ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में देसी पटाखे बनाते समय हुए भीषण विस्फोट में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. घटना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे तिर्तोल थाना क्षेत्र के महिलो गांव में हुई. धमाका इतना जोरदार था कि घर का एक कमरा लगभग पूरी तरह तबाह हो गया. छत और दीवारों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. मृतकों की पहचान 55 वर्षीय मनोरंजन स्वाईं और उनके 22 वर्षीय बेटे सौम्य साहिल स्वाईं के रूप में हुई है. हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मनोरंजन स्वाईं का परिवार पटाखे बनाने और बेचने के काम में शामिल था. विस्फोट के बाद घर के अंदर कुछ पटाखे भी मिले हैं. हालांकि, धमाका किस वजह से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

घटनास्थल पर एक गैस सिलेंडर भी मिला

तिर्तोल के एसडीपीओ अजय कुमार दास ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि परिवार के पास पटाखे बनाने या घर में उनका भंडारण करने का वैध लाइसेंस था या नहीं. घटनास्थल पर एक गैस सिलेंडर भी मिला, लेकिन उसमें विस्फोट नहीं हुआ. धमाके के वास्तविक कारण का पता वैज्ञानिक टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

घटना में घायल लोगों में मयूरभंज जिले के रहने वाले राहुल राज मोहंता भी शामिल हैं. वह एक स्थानीय हाईस्कूल में गणित के शिक्षक हैं. बताया जा रहा है कि मनोरंजन स्वाईं के परिवार ने उन्हें दोपहर के भोजन के लिए घर बुलाया था. इसी दौरान विस्फोट हो गया. गंभीर रूप से घायल राहुल को बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मनोरंजन की पत्नी और उनकी साली को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

त्योहारों के दौरान पटाखे बेचने का काम करते थे मृतक

जानकारी के अनुसार, मनोरंजन और उनके बेटे सौम्य साहिल धार्मिक कार्यक्रमों, सामाजिक समारोहों तथा अन्य आयोजनों में साउंड और लाइटिंग की व्यवस्था उपलब्ध कराते थे. इसके अलावा, वे दिवाली, शादी-विवाह और अन्य त्योहारों के दौरान पटाखे बेचने का काम भी करते थे. 

पिता-पुत्र की मौत से महिलो गांव और आसपास के इलाकों में मातम पसरा है. पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है. मामले की जांच जारी है.

(ओडिशा से अक्षय महाराणा की रिपोर्ट)

Tags:
Advertisement