Home > ओडिशा > Jagannath Rath Yatra: रथ यात्रा में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, 150 फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट हटाए, 12 होटलों को साइबर सुरक्षा अलर्ट

Jagannath Rath Yatra: रथ यात्रा में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, 150 फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट हटाए, 12 होटलों को साइबर सुरक्षा अलर्ट

Jagannath Rath Yatra 2026: साइबर टीम ने 850 से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सीधे संवाद कर उन्हें ऑनलाइन ठगी, फर्जी बुकिंग, फिशिंग लिंक और अन्य साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए. लोगों के बीच साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए.

By: Hasnain Alam | Published: July 19, 2026 11:57:18 PM IST



Jagannath Rath Yatra 2026: जगन्नाथ रथ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के लिए ओडिशा पुलिस ने व्यापक जागरूकता अभियान तेज कर दिया है. साइबर सेफ्टी एंड रिस्पॉन्स टीम लगातार पुरी में होटल संचालकों, पर्यटकों, स्थानीय लोगों और अन्य हितधारकों को साइबर ठगी से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक कर रही है.

पुलिस के अनुसार, टीम ने अब तक पुरी के 12 प्रमुख होटलों का दौरा कर होटल प्रबंधन को रथ यात्रा के दौरान सक्रिय फर्जी होटल बुकिंग घोटालों के प्रति सतर्क किया. इस दौरान होटल की वेबसाइटों का साइबर सुरक्षा के लिहाज से आकलन किया गया और संभावित कमजोरियों को दूर करने के लिए आवश्यक सलाह भी दी गई.

850 से अधिक श्रद्धालुओं से की गई बात

इसके अलावा, साइबर टीम ने 850 से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सीधे संवाद कर उन्हें ऑनलाइन ठगी, फर्जी बुकिंग, फिशिंग लिंक और अन्य साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए. लोगों के बीच साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए.

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष नजर रही. अभियान के दौरान रथ यात्रा से जुड़े 150 से अधिक भ्रामक और फर्जी पोस्टों की पहचान कर उन्हें विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाया गया.

78 मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें भी दर्ज

वहीं, 17 और 18 जुलाई को टीम ने सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर 78 मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें भी दर्ज कीं, ताकि खोए हुए मोबाइल फोन का पता लगाया जा सके.

ओडिशा पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे होटल बुकिंग केवल अधिकृत और विश्वसनीय माध्यमों से ही करें, किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल पर भरोसा न करें और साइबर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें. पुलिस ने लोगों से रथ यात्रा को सुरक्षित, संरक्षित और साइबर अपराध मुक्त बनाने में सहयोग करने की भी अपील की है.

(ओडिशा से अक्षय महाराणा की रिपोर्ट)

Tags:
Advertisement