Odisha News: ओडिशा के गंजाम जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. बेगुनियापड़ा ब्लॉक के हंसतुली गांव स्थित मां काली मंदिर में एक युवक ने कथित रूप से अपनी ही जीभ काट ली. गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे पहले खल्लीकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में बेहतर इलाज के लिए ब्रह्मपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया.
जानकारी के अनुसार, गांव के किरण पात्र नामक युवक शनिवार रात गांव के बाहरी इदेर लाके में स्थित मां काली मंदिर पहुंचा. बताया जा रहा है कि उसने वहीं अपनी जीभ स्वयं काट ली. रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने उसे मंदिर की सीढ़ियों के पास खून से लथपथ और अचेत अवस्था में पड़ा देखा.
लोगों ने दी 108 एंबुलेंस को सूचना
ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद युवक को खल्लीकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे ब्रह्मपुर एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया.
युवक ने क्यों उठाया ये कदम?
घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. प्रारंभिक आशंका है कि युवक ने पारिवारिक विवाद के कारण यह कदम उठाया हो, हालांकि अंधविश्वास या किसी अन्य कारण से भी इनकार नहीं किया जा सकता. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
पुलिस ने की लोगों से ये अपील
इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है.
(ओडिशा से अक्षय महाराणा की रिपोर्ट)