Odisha News: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. लक्ष्मीसागर थाना क्षेत्र स्थित एक बहुमंजिला अपार्टमेंट में 17 वर्षीय छात्र की 10वीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र अपनी महिला मित्र से मिलने उसके फ्लैट पर गया था. इसी दौरान लड़की की मां के अचानक घर लौट आने से वह घबरा गया और खुद को छिपाने की कोशिश में अपनी जान गंवा बैठा.
मृतक की पहचान रफान खुर्शीद के रूप में हुई है. वह भुवनेश्वर के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था. उसके पिता एक निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं.
घर में अकेली थी लड़की
सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन रफान अपनी दोस्त से मिलने उसके फ्लैट पर गया था. उस समय लड़की घर में अकेली थी. कुछ देर बाद उसकी मां अचानक फ्लैट पर पहुंच गईं. उन्हें देखकर रफान घबरा गया और पहले बाथरूम में छिप गया. लेकिन, पकड़े जाने के डर से उसने वहां से निकलकर बिल्डिंग के डक्ट यार्ड में लगे पाइप के सहारे बाहर लटककर छिपने की कोशिश की.
बताया जा रहा है कि रफान करीब 10वीं मंजिल की ऊंचाई पर पाइप पकड़कर कई मिनट तक लटका रहा. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गिर पड़ा. इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कैपिटल अस्पताल भेज दिया.
जांच के दौरान पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है. अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर घटना के पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जा रही है. लड़की और उसके परिवार से भी पूछताछ की गई है.
फिलहाल पुलिस ने मामला अस्वाभाविक मौत (यूडी) के रूप में दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों और वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि घटना पूरी तरह दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी.
(ओडिशा से अक्षय महाराणा की रिपोर्ट)